डेराबस्सी। डेराबस्सी के हैबतपुर गांव के पास स्थित गोल्डन पाम सोसाइटी के निवासी पिछले 8 वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। सोसाइटी के निवासियों ने सुविधाएं न मिलने पर बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सोसाइटी निवासियों ने आरोप लगाया कि लाखों रुपये खर्च करके प्लॉट खरीदा गया और मकान बनाए गए। प्लॉट बेचते समय बिल्डर ने हर तरह की सुविधा देने का वादा किया था, जिसमें एक कॉमन क्लब हाउस, एक अच्छा पार्क, सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षाकर्मियों से पूरी सोसाइटी की सुरक्षा, बाउंड्रीवॉल, 24 घंटे पेयजल आपूर्ति, गेटेड सोसाइटी, जिम, सड़कें और अन्य सभी सुविधाएं शामिल हैं। लेकिन हकीकत यह है कि सुरक्षा के इंतजाम शून्य हैं, जिसके कारण आए दिन चोरी की घटनाएं होती हैं।
सरकार से की शिकायत
निवासियों ने रोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से शिकायत की कि बिल्डर ने अपने वादे पूरे न करके उनके साथ धोखा किया है। एक ओर, सरकार सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार खत्म करने का दावा करती है, लेकिन उनकी शिकायतों पर बिल्डर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
उन पर लगे आरोप झूठे
उन पर लगे आरोप झूठे हैं। सोसाइटी निवासी रखरखाव शुल्क नहीं दे रहे हैं। इसके बावजूद, बिल्डर सुविधाएं मुहैया करा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अगर कोई समस्या आती है, तो सोसाइटी निवासियों के साथ बैठक कर उसका समाधान किया जाएगा।- करण भंडारी, सोसाइटी मैनेजर