मोहाली। सेक्टर-80 के गोल्डन टोन सोसाइटी में प्रधान पर हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति पर मामला दर्ज किया गया है। मोहाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गोल्डन टोन सोसाइटी के प्रधान गुरदयाल सिंह ने बताया कि वह 18 अप्रैल की सुबह सोसाइटी कार्यालय में बैठे थे।
इसी दौरान सुखचैन सिंह वहां पहुंचे और बहस शुरू कर दी। आरोप है कि जब वह कार्यालय से बाहर निकलने लगे तो आरोपी ने उन्हें घेर लिया और दफ्तर में रखा पेपरवेट उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया। इससे उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें छुड़वाया। विवाद की वजह पुरानी रंजिश है। आरोप है कि आरोपी की पत्नी के नाम सोसाइटी में फ्लैट बुक है। इसका भुगतान संबंधी एक चेक बाउंस होने के बाद अदालत में केस चल रहा है। इसी केस को वापस लेने के लिए आरोपी उन पर दबाव बना रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर लिया। घायल को इलाज के लिए फेज-6 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल जांच में सिर पर चोट की पुष्टि हुई। डॉक्टर की राय के बाद पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आरोपी सुखचैन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।