ट्रेवलिंग में अकेलापन महसूस करने वालों के लिए अब दोस्ती का पैगाम लेकर आ गई है एक नई सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट कोवोयजर्स डॉट कॉम।
यह वेबसाइट न सिर्फ पांच मिनट में दोस्त ढूंढ देगी, बल्कि आपको यह सेलेक्शन का मौका भी देगी कि आप कैसा दोस्त चाहते हैं। आपके साथ ट्रेवलिंग करने वालों का प्रोफाइल और उनकी पसंद, नापसंद आपके सामने होगी। जिसे देखाकर आप सेलेक्ट कर सकेंगे अच्छा दोस्त।
इस वेबसाइट को डवलप किया है एनआरआई आईटी इंटरप्रेन्योर गुरप्रीत कंग ने। गुरप्रीत मूलत: पटियाला के रहने वाले हैं और चंडीगढ़ सेक्टर-16 में भी उनकी रिहाइश है।
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी दीदार सिंह कंग के बेटे गुरप्रीत कंग अब इसकी आईफोन एप्लीकेशन और एंड्रायड अप्लीकेशन लॉन्च करने जा रहे है। अब तक इसके 33 हजार यूजर्स बन चुके हैं।
गुरप्रीत के अनुसार, यूके, फ्रांस, कनाडा, आस्ट्रेलिया और जर्मनी के लोगों की ट्रेवलिंग ज्यादा है। उन्होंने कहा कि फेसबुक, ट्विटर, आर्कुट, लिंकडिन ट्रेवलर्स के माध्यम से ग्रुप में दोस्त ढूंढे जा सकते हैं, पर अब तक ऐसी कोई साइट नहीं थी, जिसके माध्यम से एक सीमित एरिया में दोस्तों को ढूंढा जा सके या फिर ट्रेवलिंग के दौरान पार्टनर को तलाश किया सके।
यही ध्यान में रखते हुए कोवायोजर्स डाट काम बनाया गया। उन्होंने कहा कि वेबसाइट का मोबाइल वर्जन भी है। इसके माध्यम से लोग ट्रेवलिंग के दौरान दोस्तों को ढूंढ लेते हैं।
यह करना होगा आपको
कोवोयजर्स डाट काम में ट्रेवलिंग एरिया, ट्रेवलिंग डेस्टिनेशन डालना होगा। इसके बाद वेबसाइट जीपीएस, सोशल नेटवर्किंग सिस्टम के माध्यम से आपके लिए आपकी तरह की शख्सियत तलाश कर देगा। वेबसाइट के माध्यम से आपको यह पता लगेगा कि आपके संग सफर करने वाले व्यक्तियों का स्वभाव क्या है। उसकी खूबियां क्या हैं और वह क्या पसंद करता है।