मोहब्बत का इजहार करने के लिए शब्दों की जरूरत नहीं होती, लेकिन वेलेंटाइन वीक में इसके लिए खास दिन तय किया गया है। शनिवार को प्रपोज डे है। कई युवाओं को इस दिन का खास तौर से इंतजार था।
उन्होंने इसके लिए खास तैयारी भी की हुई है। आज प्रपोज डे है तो इजहारे मोहब्बत के लिए आपके पास पूरा मौका है। आज दिल की बात कहने में संकोच न करें। अभी तक आपने अपने प्यार का इजहार नहीं किया है तो आज से अच्छा दिन नहीं हो सकता अपनी बात को जाहिर करने का।
जमाने के साथ बदला इजहार का तरीका
पहले का वक्त कुछ और था जब लोग खत के माध्यम से अपने प्यार का इजहार करते थे, लेकिन आज का दौर और युवा तेज हैं। इसके लिए वह लंबा वक्त इंतजार करने को तैयार नहीं।
अब युवा अपने साथी को गुलाब, एसएमएस, गिफ्ट और चॉकलेट देकर अपनी भावना जाहिर कर देते हैं। कुछ युवा तो इंटरनेट और सोशल साइट के माध्यम से ही आई लव यू बोल देते हैं।
सेक्टर 34 निवासी शिखा का कहना है कि वह इस दिन अपने पति विनीत कुमार को प्रपोज करना चाहेंगी और उनको एक अच्छा सा सरप्राइज देंगी।
मोहाली निवासी जोतप्रकाश ने बताया कि वह इस दिन अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज करेंगे। इसके बाद वेलेंटाइन वीक का हर दिन उसी के साथ मनाएंगे।