हरमिलापनगर फेज-1 (पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया के नजदीक) में 15 दिनों से बदबूदार पानी की सप्लाई हो रही है। इस सप्लाई में गटर का पानी मिलकर आता है।
लोगों का कहना है कि यही गंदा पानी पीने से कई बच्चों की तबीयत खराब हो चुकी है। कइयों को एक सप्ताह से उल्टी-दस्त की शिकायतें आ रही हैं।
आरोप है कि वार्ड प्रेसिडेंट से लेकर नगर परिषद के प्रधान तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन नतीजा जस की तस।
कोट्स
कई दिनों से गंदे पानी की सप्लाई आ रही है। यही पानी पीने से वीरवार को बच्चे की अचानक तबीयत खराब हो गई।
अंकिता, मकान नंबर-11
कई दिनों से पानी की सप्लाई में सीवरेज का पानी मिलने की वजह से बदबूदार पानी आ रहा है। इस पानी से तो नहाने की भी इच्छा नहीं होती।
- कविता नंदा, मकान नंबर-502
दूषित पानी की सप्लाई की वजह से बच्चे को उल्टी और दस्त हो रही है। चार-पांच दिनों से वह स्कूल भी नहीं जा पा रहा है।
-गुरमीत कौर, मकान नंबर-12
आजकल एमसी की गाड़ी के साथ आने वाले सफाईकर्मी गटर साफ कर रहे हैं। सप्लाई और सीवरेज का पाइप एक साथ होने की वजह से कर्मचारियों से पानी की सप्लाई का पाइप टूट गया है। इसलिए सीवरेज का पानी सप्लाई वाले पाइप में जा रहा है। नगर परिषद को इस पर ध्यान देना चाहिए।
- रघुवीर सिंह जैन, मकान नंबर-12
सप्लाई के पानी पाइप के साथ सीवरेज का सीमेंटेड पाइप है। यही वजह है कि अक्सर पाइप टूटता रहता है और सप्लाई वाले पानी के साथ सीवरेज का गंदा पानी मिक्स हो जाता है। यह समस्या जड़ से तभी दूर होगी, जब दोनों पाइपों का रूट अलग किया जाएगा।
- संजय जैन, मकान नंबर-80
लीकेज की वजह से यह समस्या आ रही थी। एक सप्ताह से ठीक करवाया जा रहा है। करीब 90 प्रतिशत एरिया कवर कर लिया गया है। 10 प्रतिशत शनिवार तक सही करवा दिया जाएगा।
-विजय लक्ष्मी, प्रेसिडेंट, वार्ड नंबर-15