चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी को त्वचा के कैंसर के इलाज से जुड़ी नई तकनीक विकसित करने के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) से 86 लाख रुपये की ग्रांट मिली है। इस राशि से यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता एक ऐसी खास पट्टी (बैंडेज) तैयार करने पर काम करेंगे, जिसे सामान्य रोशनी से सक्रिय करके कैंसर के इलाज में इस्तेमाल करने की संभावना तलाशी जाएगी। इस प्रोजेक्ट में पीयू के केमिस्ट्री और बायोफिजिक्स विभाग के वैज्ञानिक मिलकर काम करेंगे। केमिस्ट्री विभाग की डॉ. गुरप्रीत कौर इस प्रोजेक्ट की मुख्य शोधकर्ता होंगी, जबकि बायोफिजिक्स विभाग की डॉ. सिमरन प्रीत सह-शोधकर्ता के तौर पर काम करेंगी।
शोधकर्ताओं के मुताबिक इस पट्टी में एक खास रासायनिक पदार्थ का इस्तेमाल किया जाएगा, जो रोशनी पड़ने पर सक्रिय हो सकेगा। इसे मेडिकल भाषा में फोटो डायनामिक थेरेपी (पीडीटी) कहा जाता है। इस तकनीक में एक खास पदार्थ को प्रभावित जगह पर लगाया जाता है। इसके बाद उस पर विशेष रोशनी डाली जाती है, जिससे वह सक्रिय होकर कैंसर कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने में मदद कर सकता है। इस तकनीक का उद्देश्य कैंसर से प्रभावित त्वचा के हिस्से पर ही इलाज करना है, ताकि आसपास के स्वस्थ टिश्यू पर कम से कम असर पड़े।
अभी शोध के शुरुआती चरण में है तकनीक
इस प्रोजेक्ट के तहत वैज्ञानिक यह पता लगाएंगे कि यह खास फॉर्मूलेशन कैंसर कोशिकाओं पर कितना असरदार है और यह किस तरह काम करता है। इसके अलावा पट्टी में इस्तेमाल होने वाले पदार्थ की मात्रा और रोशनी से इलाज की प्रक्रिया को भी बेहतर बनाने पर काम होगा। डॉ. सिमरन प्रीत अपनी रिसर्च टीम द्वारा पहले से तैयार किए गए ट्यूमर मॉडल पर इस फॉर्मूलेशन का परीक्षण करेंगी। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि यह तकनीक त्वचा के कैंसर के इलाज में कितनी उपयोगी हो सकती है। इसके सुरक्षित और असरदार होने की पुष्टि के लिए पहले जानवरों पर और फिर जरूरी क्लीनिकल परीक्षण करने होंगे।
डॉ. गुरप्रीत को 120 रिसर्च पेपर प्रकाशित करने का अनुभव
इस प्रोजेक्ट की मुख्य शोधकर्ता डॉ. गुरप्रीत कौर को डीएसटी-इंस्पायर फैकल्टी अवॉर्ड मिल चुका है। उन्हें फिजिकल केमिस्ट्री के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का शोध अनुभव है। वह खास रासायनिक पदार्थों और उनसे बनने वाली नैनो संरचनाओं पर काम कर रही हैं। उनके 120 से अधिक रिसर्च पेपर प्रकाशित हो चुके हैं।