चंडीगढ़। सेक्टर-44 बी स्थित पार्क में जॉगिंग ट्रैक बनाने के लिए इलाके के लोग छह सालों से नगर निगम से गुहार लगा रहे थे। कई बार दफ्तर के चक्कर लगाए। अफसरों के पास गए, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में स्थानीय लोगों ने खुद के पैसे से ट्रैक बनाने का निर्णय लिया। सभी ने चंदा इकट्ठा किया और ट्रैक का निर्माण कर दिया। रविवार को पार्षद रविंदर कौर, सेक्टर-42 गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट की पूर्व प्रधानाचार्य मनी बेदी ने ट्रैक का उद्घाटन किया।
इस दौरान सेक्टर 44 बी के सीनियर सिटीजन ने ट्रैक के चक्कर लगाकर अपनी खुशी का इजहार भी किया। ट्रैक को बनाने में करीब 84 हजार रुपये का खर्चा आया। निवासियों ने बताया कि जब नगर निगम की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिला तो स्थानीय निवासी स्वदेश तलवार की अध्यक्षता में आयोजित आरडब्ल्यूए की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि चंदा इकट्ठा कर खुद से ट्रैक का निर्माण करेंगे। इस तरह के कदम से न सिर्फ एसोसिएशन समाज के सामने मिसाल बनेगी, बल्कि नगर निगम को एक तरह आईना भी दिखाएंगे। ट्रैक के उद्घाटन के बाद एसोसिएशन ने इलाके के आठ धोबियों को महीने भर का राशन भी दिया।