चंडीगढ़। सेक्टर-26 की ग्रेन मार्केट में प्रतिबंध के बाद भी फड़ी लगाने के लिए पहुंचे फुटकर विक्रेताओं को पुलिस ने खदेड़ दिया। पुलिस की कार्रवाई को न्यायसंगत नहीं बताते हुए उन्होंने फिर से मंगलवार को ग्रेन मार्केट में फड़ी लगाने की चेतावनी दी है। विक्रेताओं का कहना है कि उनके पास सेक्टर-26 मंडी में बैठने के लिए न्यायालय का स्टे ऑर्डर है।
जानकारी के अनुसार कोरोना संक्रमण काल में सेक्टर-26 की सब्जी मंडी को सेक्टर-17 आईएसबीटी परिसर में अस्थायी रूप से शिफ्ट कर दिया गया था। तब से ग्रेन मार्केट में प्रशासन ने सब्जियों की फुटकर बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया था जो आदेश अभी तक जारी है। इसके बाद भी कुछ सब्जी फुटकर विक्रेता रविवार को ग्रेन मार्केट में फड़ी लगाने के लिए पहुंचे। जहां सोशल डिस्टेंसिंग की भी जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां सख्ती के साथ उन्हे मार्केट परिसर के बाहर खदेड़ दिया गया।
आक्रोशित फुटकर विक्रेता बापूराम ने बताया कि पुलिस उनके साथ न्यायसंगत व्यवहार नहीं कर रही है। वह मंगलवार को फिर से मार्केट परिसर में फड़ियां लगाएंगे। उन्हें इसके लिए न्यायालय से स्टे ऑर्डर मिला हुआ है। यदि इसके बाद भी उन्हें हटाया जाता है तो वह भूख हड़ताल पर बैठेंगे। हैरानी की बात यह रही कि इतना सब कुछ हो गया, लेकिन मार्केट कमेटी के अधिकारियों को इसकी कोई जानकारी तक नहीं थी।