मोहाली में बढ़ रहे कोरोना के मरीज।
- फोटो : अमर उजाला
मोहाली में कोरोना महामारी ने पूरी तरह से आतंक मचा दिया है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से पूरी मुस्तैदी से काम किया जा रहा है। लेकिन आए दिन नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। इससे प्रशासन की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं।
इसी तरह शुक्रवार को भी कोरोना के 6 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से 5 नांदेड़ से आए श्रद्धालु हैं और एक कोरोना के गढ़ गांव जवाहरपुर का रहने वाला व्यक्ति है। पॉजिटिव पाए गए इन सभी नए मरीजों को बनूड़ के ज्ञान सागर अस्पताल के आइसोलेशन केंद्र में भेज दिया गया है। वहीं, अब जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या 92 हो गई है। इनमें से 30 क्वारंटीन में हैं और दो की मौत हो चुकी है। यह पुष्टि खुद जिले के डीसी गिरीश दियालन की ओर से की गई है।
डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन महामारी को मात देने के लिए अपनी तरफ से पूरे इंतजाम कर रहा है। कोरोना की रोकथाम के लिए लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक मोहाली जिले में 27 अप्रैल तक कोरोना को लेकर स्थिति काफी अच्छी चल रही थी। करीब 13 दिन तक कोई नया मरीज तक नहीं आया था।
इसी बीच अचानक श्री नांदेड़ साहिब से श्रद्धालु आने शुरू हुए। जिनमें से कई लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आना शुरू हो गई थी। जिससे मोहाली में कोरोना ग्राफ बढ़ता ही चला गया। इसी बीच शुक्रवार को 6 नए कोरोना के केस आ गए हैं। इनमें 5 नांदेड़ से आए श्रद्धालु और एक कोरोना हॉटस्पॉट जवाहरपुर का है। वह रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद क्वारंटीन में चल रहे व्यक्ति का बेटा है। उन्होंने बताया कि जिले में बाहर से आने वाले लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं। इस दौरान जो लोग पॉजीटिव आ रहे हैं, उन्हें बनूड़ स्थित आइसोलेशन केंद्र में भेजा रहा है। जबकि अन्य लोग क्वारंटीन हैं।
2488 लोगों की क्वारंटीन अवधि पूरी
डीसी ने गिरीश दियालन ने बताया कि जिले में अब तक 2488 लोगों ने सफलता पूर्वक अपनी क्वारंटीन अवधि पूरी कर ली है। जबकि जिले में 745 लोग क्वारंटीन में हैं। उन्होंने इलाके के लोगों से सहयोग की अपील की है।