चंडीगढ़। शहर में बुधवार को भी कोरोना के 6 नए मामले सामने आए। इसमें से चार एक ही परिवार के जबकि दो मरीज एक अन्य परिवार के सदस्य हैं। यह सभी लोग अपने परिवार के संक्रमित सदस्यों के संपर्क में आकर कोरोना पॉजिटिव हुए हैं।
नए मरीजों में सेक्टर-50 के एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। परिवार के पांच सदस्यों की जांच की गई थी, जिसमें एक की रिपोर्ट निगेटिव आई। इस परिवार के घर में पंजाब से 22 जून को 31 वर्षीय एक महिला आई थी। उसमें 25 जून को कोरोना की पुष्टि हुई थी। उसी महिला के संपर्क में आकर यह परिवार संक्रमित हुआ है। परिवार में 31 वर्षीय युवक, 9 माह की बच्ची, 31 वर्षीय युवती और 64 वर्षीय एक वृद्ध संक्रमित पाए गए हैं। उधर, सेक्टर-41 में मिले दो कोरोना संक्रमित भी एक ही परिवार के सदस्य हैं। उनके परिवार में भी इनसे पूर्व कोरोना का मरीज मिल चुका है। इन 2 मरीजों में एक 21 साल की युवती और एक 33 साल का युवक शामिल है। 6 मरीजों के मिलने के बाद कोरोना के पॉजिटिव केस की संख्या 456 हो गई है। वहीं धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज में भर्ती तीन पॉजिटिव मरीजों को डिस्चार्ज कर सूद धर्मशाला में क्वारंटीन किया गया। तीन मरीजों में दो खुड्डा अलीशेर के और एक सेक्टर 52 का है।