हाईवे पर जीरकपुर से पंचकूला आते वक्त सेक्टर-20 के फ्लाईओवर से चंद कदम पहले शुक्रवार को छह गाड़ियां भिड़ गईं। पहले चार गाड़ियां भिड़ीं, लेकिन जब तक उन्हें हटाकर ट्रैफिक दुरुस्त किया जाता, पीछे से दो और गाड़ियां भिड़ गईं।
इन घटनाओं में किसी को चोट तो नहीं आई, लेकिन हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
इस जगह पर अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन कोई दिशा-निर्देश बोर्ड नहीं है। हादसे का सबसे बड़ा कारण है कि यहां से इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ सड़क कटती है और अक्सर वाहन गलत दिशा से हाईवे पर चढ़ते हैं।
पिछले दिनों कमिश्नर राजबीर देसवाल ने डीसीपी व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ शहर का मुआयना भी किया था, जिसमें ट्रैफिक सुधार के लिहाज से कुछ प्वाइंट्स तलाशे गए थे, जिनमें यह प्वाइंट भी शामिल था।
घटनास्थल पर जाम खुलवाने में जुटे रोड सेफ्टी संगठन के प्रधान सुभाष कपूर ने बताया कि यहां दिशा-निर्देश बोर्ड लगाने की सिफारिश की गई थी। जल्द से जल्द इस प्वाइंट पर सुधार की जरूरत है, वरना इसी तरह हादसे होते रहेंगे।