धनतेरस पर शुक्रवार को बाजार गुलजार रहा। खरीदारी के लिए दोपहर से भीड़ जुटनी शुरू हुई, जो सिलसिला देर रात तक चलता रहा। ज्वेलरी शॉप हो या गिफ्ट कॉर्नर, हर तरफ रात तक भीड़ रही।
शाम को कार और बाइक की एजेंसियों में काफी लोग गाड़ी की डिलीवरी का इंतजार करते रहे।
पंचकूला में 100 से ज्यादा कारों की डिलीवरी हुईं। वहीं, ज्वेलर शॉप्स पर चांदी के सिक्के और मूर्तियाें की भी अच्छी बिक्री हुई, जबकि सोने के सिक्के कम बिके।
छोटे सिक्कों की सर्वाधिक बिक्री हुई। एक आकलन के मुताबिक, पूरे शहर में एक दिन में करोड़ों का कारोबार हुआ। वहीं, भीड़ की वजह से सड़कों पर भी जाम जैसे हालात बने रहे।
सेक्टर-7, 10, 11, 20 के मार्केट में दुकानदार सड़कों तक मूर्तियां और सजावट का सामान फैलाकर बेचते दिखे। वहीं, रांग साइड पार्किंग से भी जाम जैसे हालात बने रहे।
ज्वेलरी भी खूब बिकी
पीसी ज्वेलर्स की रीजनल मैनेजर आभा शर्मा ने कहा कि इस बार भी ज्वेलरी प्रॉडक्ट की अच्छी बिक्री हुई। चांदी के सिक्के और मूर्तियों के खरीदार अधिक रहे।
गोल्ड ज्वेलरी की भी बिक्री हुई, लेकिन सिक्के खरीदने वालों की तादात ज्यादा थी। रवि ज्वेलर्स के प्रमोद कुमार ने कहा कि उनके यहां एंटीक सिक्के की भी मांग रही, लेकिन कीमत अधिक होने की वजह से लोगों ने सामान्य सिक्कों की ही खरीदारी की।
गाड़ियों के शोरूम में भी बहार
बर्कले ह्यूडई के जनरल मैनेजर सुखविंद्र सिंह कैंथ ने बताया कि उनके यहां से कुल 56 गाड़ियां डिलीवर हुई, जिसमें सबसे ज्यादा ग्रैंड आईटेन बिकी।
30 ग्रैंड आईटेन के अलावा 20 आई-20 व छह वेरना की डिलिवरी हुई। वहीं, निसान के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शोरूम से भी 10 गाड़ियों की डिलिवरी हुई।
सीईओ राजीव हांडा ने बताया कि निसान की सन्नी तो बिकी ही, नई लांच टोरेनो की भी डिलीवरी दी गई। मारुति सुजुकी की भी करीब 40 गाड़ियों की डिलीवरी हुई।
वहीं, पंचकूला में हीरो, यामाह, होंडा व बजाज बाइक्स की 100 से ज्यादा बाइक सेल हुई।