मां-बेटी को लात-घूसों और बेल्ट से पीटने के मामले में गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। घटना पंजाब के मुक्तसर जिले की है और इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। रुपयों के मामूली लेन-देन को लेकर वार्ड नंबर 29 के कांग्रेसी पार्षद राकेश चौधरी के भाई ने साथियों के साथ मिलकर बूड़ा गुज्जर रोड निवासी मां-बेटी को जमकर मारा-पीटा।
विज्ञापन
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पार्षद व उसके तीन भाइयों समेत दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो इस समय रिमांड पर हैं। चार मिनट व नौ सेकेंड की वायरल हुई वीडियो में कांग्रेसी पार्षद के भाई व साथियों की गुंडागर्दी साफ नजर आ रही है।
ये वीडियो पीड़ित महिला के बच्चे ने खुद रोते-बिलखते हुए बनाई। वीडियो में कुछ लोग महिला को घर के अंदर से पकड़कर घसीटते हुए गली में ले जाते हैं और लातों, जूतों व बेल्ट से मारते नजर आ रहे हैं। मानवता को शर्मसार करते इस वीडियो में एक तरफ कुछ लोग सरेआम मां को पीट रहे थे तो बच्चे बिलख रहे थे।
विज्ञापन
शुक्रवार को वार्ड नंबर 29 के कांग्रेसी पार्षद राकेश चौधरी का भाई सन्नी चौधरी व कुछ अन्य युवक बूड़ा गुज्जर रोड पर ममतो नामक महिला के घर पहुंचे और जबरन उसकी बेटी मीना को पकड़कर घसीटते हुए बाहर ले आए। सन्नी चौधरी व उसके साथ आए युवकों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे बेल्ट, जूतों, डंडों, लात व घूसों से बुरी तरह मारा।
इस दौरान मीना को बचाने आई उसकी मां ममतो युवकों की मिन्नतें करती रही। मगर उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान सहमे बच्चे ने रोते हुए घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो में बच्चा अपनी मां को बचाने के लिए लोगों से मिन्नतें करता नजर आ रहा है, मगर त्रासदी रही कि कोई बचाव में नहीं आया।
वीडियो में मारपीट करने वाले आरोपियों का साथ देते हुए एक अन्य महिला भी नजर आ रही है। घटना के बाद मां-बेटी को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित परिवार ने सन्नी चौधरी से ब्याज पर कुछ रुपये उधार लिए थे। उन्होंने रुपये लौटा भी दिए थे, मगर सन्नी चौधरी उनसे बेवजह अब भी 23 हजार रुपये की मांग कर रहा था। उन्होंने रुपये देने से इंकार कर दिया था। इसी रंजिश में सन्नी ने इंसानियत को शर्मसार करने वाली ये हरकत की। पीड़ित मीना के भाई सूरज ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग की है।
उधर, थाना सिटी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पार्षद राकेश चौधरी के अलावा उसके भाई रूप लाल, सुरेश चौधरी, सन्नी चौधरी समेत गुड्डी, शेखू, जम्बो, हसन, रेनू, ज्योति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। रूप लाल, सुरेश चौधरी व सन्नी चौधरी, गुड्डी, शेखू व जम्बो को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।