चंडीगढ़। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सिटको के होटल व रेस्तरां के साथ कार्यालयों में मिनिमम स्टाफ रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एहतियात के तौर पर कर्मचारियों को संक्रमण से बचाव के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिससे कर्मचारी होटल और क्वारंटीन सेंटर में आने वाले लोगों को संक्रमण से बचाया जा सके।
आपको बता दें कि चंडीगढ़ में भी लगातार कोरोना वायरस से संक्रमित लोग मिल रहे हैं। अब तक शहर में कई लोगों को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के द्वारा वायरस से संक्रमित होने की आशंका पर आइसोलेशन में रखा हुआ है। सिटको प्रबंधन ने भी एहतियात के तौर पर कुछ कदम उठाए हैं। इसमें स्टाफ को मिनिमम करने के साथ ही संक्रमण से कैसे बचा जाए इसको लेकर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि होटल और रेस्तरां में आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल मुहैया कराया जाए।
सैनिटाइजर और मास्क लगा कर रहे हैं काम
संक्रमण न फैले और होटल और रेस्तरां में आने वाले लोग सुरक्षित रहें। इस बात का ध्यान रखते हुए कर्मचारी मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग कर रहे हैं। सिटको प्रबंधन की ओर से सिटको के सभी कार्यालयों, होटल और रेस्तरां में पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर और मास्क की व्यवस्था की है।