पूर्व एसएसपी से एसआईटी ने की पूछताछ
- फोटो : File Photo
कोटकपूरा गोलीकांड मामले में पुलिस रिमांड पर लिए गए मोगा के पूर्व एसएसपी चरणजीत सिंह शर्मा से आईजी कुंवर विजय प्रताप सिंह की अगुवाई में दो घंटे पूछताछ की गई। इस दौरान एसआईटी ने कोटकपूरा गोलीकांड मामले में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई गई। एसआईटी सूत्रों के मुताबिक रिमांड के दौरान पूर्व एसएसपी से पूछा गया कि वह किस अधिकारी के कहने पर घटना वाले दिन मोगा से कोटकपूरा पहुंचे थे।
इसके अलावा उस दिन कोटकपूरा में किस अधिकारी के आदेश पर धरनाकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया गया। एसआईटी ने उनका अदालत से दो दिन का रिमांड हासिल किया हुआ है और उन्हें 27 मार्च बुधवार को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
एएसआई के दर्ज करवाए बयान
एसआईटी ने घटना के समय थाना सिटी कोटकपूरा में तैनात एएसआई जगदीश सिंह के बयान मंगलवार को धारा 164 के तहत जेएमआईसी एकता उप्पल की अदालत में दर्ज करवाए। सूत्रों के अनुसार एएसआई जगदीश ने जस्टिस रणजीत सिंह आयोग के पास दर्ज अपने बयान में खुलासा किया था कि घटना वाले दिन कोटकपूरा चौक में गोली चली थी।
उन्होंने इस घटनाक्रम के संदर्भ में चौक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी थी। वहीं आयोग के पास सीनियर अधिकारियों ने दावा किया था कि उस दिन कोटकपूरा में गोली नहीं चली थी। इसके अलावा थाना सिटी कोटकपूरा प्रभारी गुरदीप सिंह पंधेर ने भी अपने बयान में कहा था कि गोली चली थी। कैमरों की फुटेज के बारे में थाना प्रभारी ने कहा था कि फुटेज को सीनियर अधिकारी ले गए इसलिए वह आयोग को फुटेज नहीं दे सकते।
बाद में आयोग के पास नौ नवंबर 2018 को किसी ने डाक के माध्यम से पेन ड्राइव में फुटेज पहुंचा दी थी। जस्टिस रणजीत सिंह आयोग की रिपोर्ट के अनुसार एक घंटे की फुटेज में सुबह 6:46 बजे से 6:49 बजे तक की फुटेज काफी महत्वपूर्ण है, जिसमें मौके पर कई सीनियर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी दिख रहे हैं।