पत्नी पर गोली चलाने के मामले में जिस 'सिंघम' डीएसपी को पुलिस तलाश रही है, उसने सोशल मीडिया पर अपनी फिल्म का पोस्टर अपलोड करके सनसनी फैला दी है। पत्नी पर गोली चलाने के आरोप के बाद विवादों में आए डीएसपी अतुल सोनी जहां पुलिस के लिए कई दिनों से पहेली बने हुए हैं, वहीं, वह 14 फरवरी को रिलीज होने वाली अपनी पहली पंजाबी फिल्मी का सोशल मीडिया पर प्रमोशन करने में जुटे हुए हैं।
यह मामला मीडिया में आने के बाद पुलिस पूरी तरह हरकत में आ गई है और साइबर सेल उनकी लोकेशन तलाशने में जुट गई है। इसके अलावा पुलिस ने इंस्टाग्राम को भी पत्र लिखकर जानकारी मुहैया करवाने के लिए कहा है। इसी तरह पुलिस ने डीएसपी के दोस्तों और जानकारों के यहां दबिश देकर डीएसपी को तलाशने की कोशिश की है। पुलिस मानकर चल रही है कि डीएसपी ट्राईसिटी से बाहर है।
एसपी (इंवेस्गिेशन) हरमनदीप सिंह हंस ने कहा कि जैसे ही उन्हे पता चला कि फरार चल रहे डीएसपी अतुल सोनी ने अपनी नई फिल्म की पोस्ट इंस्टग्राम पर ड़ाली है तो उन्होंने इंस्टाग्राम को पत्र लिख दिया है। इसमें उनसे पूरी जानकारी मांगी गई है कि यह पोस्ट किस आईपी एड्रेस से डाली गई है और साथ ही इसकी सही लोकेशन कौन सी है। उसका पता चलते ही उसकी तलाश में छापामारी की जाएगी।
इसके अलावा पुलिस टीमे उसकी तालाश कर रही हैं। उसके परिजनों के अलावा दोस्तों और रिश्तेदारों पर भी नजर रखी जा रही है।