पंजाबी गायिका जसपिन्दर नरूला आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गईं। सुश्री नरूला ने कहा कि वह पंजाब में पार्टी को मजबूत बनाने के लिये काम करेंगी।
उनके अलावा मेजर जनरल प्रकाश पांजेकर और बिहार में जनता दल (यू) की प्रदेश सचिव रही डा. गीता आर्या, झारखंड के वाल्मिकी समाज के नेता और मार्शल आर्ट्स में लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स में दर्ज अनिल कुमार बांसफोडे ने भी आप की सदस्यता ग्रहण की। इन्होंने पार्टी नेता संजय सिंह की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
मेजर जनरल पांजेकर ने कहा कि वह 40 साल से देश की सेवा करते रहे हैं और अब वह समाज की सेवा करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि आप पार्टी के विचार अच्छे हैं और पार्टी समाज के लिये काम करना चाहती है। संजय सिंह ने कहा कि सेना के अनेक पूर्व अधिकारी आप पार्टी में शामिल हो रहे हैं और यह सकारात्मक संकेत है।
संजय सिंह ने कहा कि डा. गीता आर्या, वाल्मिकी समाज की महत्वपूर्ण नेता हैं जिन्होंने अपने समाज के लिये काफी योगदान दिया है और वह बिहार में पार्टी का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।