चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास मूलरूप से सिंगापुर निवासी एक महिला की कैब में मौत हो गई। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सेक्टर-30ए निवासी जैकलीन (47) के रूप में हुई है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार दोपहर करीब 1.45 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-26 स्थित ट्रांस्पोर्ट लाइट प्वाइंट के पास एक विदेशी महिला कैब में बेहोश होकर सीट के नीचे गिर गई है। सूचना पर मौके पर पीसीआर पहुंची और महिला को फौरन जीएमएसएच-16 पहुंचाया। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का नाम जैकलीन है और वह चंडीगढ़ के सेक्टर-30ए में रहती है। इसके बाद पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जांच में सामने आया कि महिला के पति चंडीगढ़ के एक सरकारी अस्पताल में बतौर सीनियर टेेक्नीशियन के पद पर हैं। जैकलीन की सास का पंचकूला स्थित कमांड अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोपहर को अस्पताल जाने के लिए उन्होंने कैब हायर किया। ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास पहुंचने पर वह अचानक बेहोश होकर सीट के नीचे गिर गईं। इसके बाद कैब चालक ने आनन-फानन में मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। वहीं, सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।