सिख दंगा मामले में कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर के अकाल तख्त पर माफी मांगने की पेशकश पर गर्माई पंजाब की सियासत। दरअसल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर की ओर से 1984 के दंगों में हाथ होने के आरोपों के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब पहुंच माफी मांगने की जो पेशकश की गई है, उससे पंजाब की राजनीति में दंगे का मुद्दा एक बार फिर गरम होता नजर आ रहा है।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ ने कहा है कि टाइटलर गैर सिख हैं। मर्यादा के अनुसार उन्हें श्री अकाल तख्त साहिब में नहीं बुलाया जा सकता है। यदि वह अपने तौर पर माफी मांगने के इच्छुक हैं तो एसजीपीसी की ओर से उन्हें कोई रोक नहीं है।
हालांकि जत्थेदार मक्कड़ ने स्पष्ट किया है कि टाइटलर के खिलाफ अदालत में जो केस लड़ रहे हैं, उसे जारी रखा जाएगा। उससे एसजीपीसी पीछे नहीं हटेगी, क्योंकि वह हत्याओं के मुख्य आरोपी हैं। उनके साथ सिख संगत कोई सहानुभूति नहीं कर सकती।
टाइटलर की ओर से सिख दंगों में अपने हाथ होने से इंकार करने की बात कहे जाने पर जत्थेदार मक्कड़ ने कहा कि मामला अदालत में है। अदालत फैसला करेगी कि वह दोषी हैं या नहीं।