अब आप के संग लोकसभा चुनाव में दस का दम दिखेगा। पंजाब और देशभर की 10 सिख जत्थेबंदियों ने आम आदमी पार्टी को सपोर्ट करने का ऐलान किया है।
यही नहीं सिख जत्थेबंदियों ने देशभर में बैठें सिखों से अपील की है कि वह आप को अपना समर्थन दें। आप की चंडीगढ़ से लोकसभा उम्मीदवार गुल पनाग की मौजूदगी में सिख जत्थेबंदियों ने यह ऐलान किया।
इन सिख जत्थेबंदियों के गुरप्रीत सिंह, जनरल करतार सिंह, राजिंदर सिंह खालसा, हरमोहिंद्र सिंह और डॉ गुरतेज सिंह ने कहा कि देश में कांग्रेस-भाजपा दोनों ने ही हमेशा सिखों के हितों को किनारे रखा है।
अरविंद केजरीवाल ने बिना किसी के सिखों के मुद्दों को उठाया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने सत्ता में आते ही प्रो. दविंद्रपाल सिंह भुल्लर की रिहाई के लिए सिफारिश की। सिखों को न्याय दिलवाने के लिए दिल्ली में एसआईटी का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि मोदी देश के प्रधानमंत्री होंगे तो देश के लिए खतरा होगा।
इन जत्थेबंदियों ने दिया समर्थन: खालसा पंचायत
भाई गुरदास इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस सिख स्टडीज, गुरु ग्रंथ का खालसा पंथ, केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा, इंटरनेशनल सिख कनफेडरेशन, इंस्टीट्यूट ऑफ सिख स्टडीज, शिरोमणि अकाली दल चंडीगढ़, शुभ करमण सोसायटी, आईएनए रूरल डेवलपमेंट सोसायटी और गुरुद्वारा प्रंबधक कमेटी चंडीगढ़
‘आप’ का धर्म ‘भारत का संविधान’: गुल
उम्मीदवार गुल पनाग ने कहा कि आप का एक धर्म है। वह है भारतीय संविधान। उन्होंने कहा कि संविधान को धर्म मानते हुए आप का मुख्य उद्देश्य हर जाति, धर्म के लोगों की सेवा करना और उनके मुद्दों को हल करना होगा। गुल चंडीगढ़ में सिख जत्थेबंदियों द्वारा आप को समर्थन देने के लिए आयोजित प्रेस कांफ्रेस को संबोधित कर रही थीं।