चंडीगढ़ में नवजोत सिद्धू की प्रेस कांफ्रेंस
- फोटो : अमर उजाला
राजनीतिक भाषणों में लुभावने जुमलों के कारण लंबे समय तक भाजपा के स्टार प्रचारक रहे नवजोत सिंह सिद्धू ने आखिरकार दिल की भड़ास निकालते हुए कहा कि भाजपा ने उसका उपयोग सिर्फ प्रचार के लिए किया। जब भाजपा की सरकार बनी तो उसे मंच तक से उतार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल के लिए दो-दो सौ रैलियां कीं, लेकिन पुरस्कार में उन्हें पंजाब से ही दूर कर दिया गया, जो उन्हें किसी शर्त पर स्वीकार नहीं था।
सिद्धू ने स्पष्ट कहा कि उनके माथे पर नहीं लिखा है कि ‘सिद्धू इज फॉर सेल।’सिद्धू ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले राजनाथ सिंह ने उन्हें दिल्ली बुलाया था और कहा था कि पार्टी अमृतसर से अरुण जेटली को चुनाव लड़वाना चाहती है। उन्होंने तत्काल स्वीकार कर लिया। उस समय राजनाथ सिंह और अरुण जेटली ने कहा था कि उन्हें राज्यसभा का सदस्य बना दिया जाएगा। जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया था। लेकिन केंद्र में भाजपा सरकार बनाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें राज्यसभा का सदस्य बना दिया। मुझे लगा कि राज्यसभा सदस्य रहते हुए वह पंजाब के करीब होंगे।