चंडीगढ़। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे शृंखला में मोहाली के रहने वाले शुभमन गिल का भारतीय टीम में चयन हुआ है। शुक्रवार को तीन एक दिवसीय मैचों के लिए टीम इंडिया का एलान हुआ। पुणे में पहला वनडे 23 मार्च, दूसरा वनडे 26 मार्च और तीसरा वनडे 28 मार्च को खेला जाएगा। शुभमन गिल के पिता लखविंदर सिंह ने उम्मीद जताई कि वह बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करेगा।
उन्होंने कहा कि शुभमन को सीनियर खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। भारतीय टीम का हिस्सा बनने से लखविंदर सिंह गदगद हैं। उन्होंने कहा कि अब उनका बेटा भारतीय टीम का हिस्सा बन चुका है, इससे ज्यादा खुशी की बात नहीं हो सकती। गौरतलब है कि शुभमन गिल पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम का हिस्सा रह चुके हैं। टेस्ट सीरीज में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया था।
भारत की एक दिवसीय टीम
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएल राहुल (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, क्रुणाल पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, टी नटराजन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर।