चंडीगढ़। मेलबर्न टेस्ट में डेब्यू करने वाले मोहाली के क्रिकेटर शुभमन गिल टीम इंडिया के लिए शुभ साबित हुए। पहली पारी में साहसिक 45 रन बनाने वाले शुभमन ने टीम इंडिया के जीत के लक्ष्य के वक्त 35 रनों की अहम पारी खेली। इस पारी में खास बात यह थी कि इस बार वह बतौर ओपनर मैदान में उतरे थे। दो विकेट गिरने के बाद भी मोहाली के इस क्रिकेटर ने आक्रामक खेल जारी रखा और 36 गेंदों पर 7 चौके जड़कर कंगारू गेंदबाजी को हावी होने का मौका नहीं दिया बल्कि दूसरे छोर पर खड़े टीम इंडिया के कप्तान अंजिक्य रहाणे को भी दबाव में नहीं आने दिया। दोनों देशों के बीच यह 100वां टेस्ट था। शुभमन के इस प्रदर्शन पर कोच रवि शास्त्री और कप्तान रहाणे ने उनकी पीठ थपथपाई।
शुभमन ने मौके को भुना लिया
शुभमन गिल को डोमेस्टिक क्रिकेट में पंजाब की ओर से बेहतर प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह दी गई थी। वैसे तो शुभमन को पिछले कुछ समय से टीम इंडिया में जगह तो दी जाती रही है, लेकिन उन्हें कभी खेलने का मौका नहीं मिला था। यह पहली बार है जब इस युवा क्रिकेटर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट में खेलने का मौका मिला तो उन्होंने उसे भुना लिया।
शुभ शुरुआत से परिवार में जश्न
भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले शुभमन गिल के परिवार में खुशी का माहौल है। शुभमन गिल के पिता लखविंदर गिल ने कहा यह उनके बेटे की मेहनत का ही नतीजा है कि उसने एक शानदार पारी खेलकर भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि शुभमन की इस पारी से पूरा परिवार खुश है।
बारिश वाले दिन भी पहुंचते थे मैदान पर
शुभमन गिल के इस प्रदर्शन पर उनके पहले कोच रहे सुरिंदर टिंकू ने भी खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह शुभमन की कड़ी मेहनत का नतीजा है कि उन्होंने डेब्यू मैच में टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। कोच टिंकू ने बताया कि शुभमन जब आठ साल का था तब ट्रेनिंग करने आया था। उस समय मोहाली स्थित पीसीए स्टेडियम के पीछे क्रिकेट अकादमी थी। शुभमन ने मेरे पास 5 साल कड़ी ट्रेनिंग ली, जो शॉट उस समय लगता था, वही शॉट मौजूदा समय में भी लगा रहा है। टिंकू ने बताया कि बारिश वाले दिन भी अकेला ही अकादमी के ग्राउंड पर पहुंच जाता था और अभ्यास में जुट जाता था। उन्होंने अपने मेहनत के बलबूते पर ही टीम इंडिया में जगह बनाई है।
पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने भी जताई खुशी
चंडीगढ़ में मंगलवार को पहुंचे पूर्व क्रिकेटर और बीसीसीआई के चयनकर्ता कमेटी के चेयरमैन चेतन शर्मा ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को जीत दिलाने वाले शुभमन गिल की तारीफ की। कहा कि शुभमन ने एक सधा हुआ खेल दिखाया। उनकी तारीफ होनी चाहिए।