सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के रास्ते में स्थापित सभ्याचारक बुतों को गिराने की कोशिश की गूंज अमरीका में भी सुनाई देने लगी है। इस संदर्भ में सिख कोआर्डिनेशन कमेटी ईस्ट कॉस्ट और अमेरिकन गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों के बीच एक टेली कांफ्रेंस हुई। इस दौरान अमेरिका में स्थित 106 गुरुद्वारा साहिब के प्रतिनिधियों ने कई पंथक मुद्दों पर चर्चा की।
इस टेली कांफ्रेंस में श्री हरमंदिर साहिब के रास्ते में स्थापित किए गए बुतों, नागरिकता संशोधन कानून, निजी चैनल द्वारा श्री हरमंदिर साहिब में प्रसारित हुकमनामे और गुरबाणी कीर्तन पर अपना हक जताने और अमरीका में जनगणना के दौरान सिखों की गिनती को अलग करने के मुद्दों पर सभी प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।
सिख संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक सुर में कहा कि श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य रास्ते में बुतों को स्थापित करना बहुत बड़ी गलती थी। जिन सिख नौजवानों ने इन बुतों को गिराने की कोशिश की, उन्होंने इस गलती को सुधारने का प्रयास किया है। इन नौजवानों को अरेस्ट नहीं किया जाना चाहिए था। इस दौरान पंजाब सरकार के रवैये पर चिंता जताई गई।
कोऑर्डिनेटर हिम्मत सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार अभी तक बेअदबी के आरोपियों को अरेस्ट करने में असफल रही है जबकि इन नौजवानो पर तुरंत मुकदमा दायर कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।