श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अग्निभेंट चढ़ने के बढ़ते मामलों ने एसजीपीसी की चिंता बढ़ा दी है। अब इस पर तीसरी आंख नजर रखेगी। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने गुरुद्वारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का ऐलान किया है। एसजीपीसी ने इस संबंध में बाकायदा अपील भी जारी की है।
एसजीपीसी अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ के अनुसार शार्ट सर्किट या अन्य कारणों से श्री गुरुग्रंथ साहिब की बीड़ के अग्निभेंट होने की घटनाएं सामने आने के बाद फैसला लिया गया है कि सभी गुरुद्वारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके। साथ ही यह पता चल सके कि यह कोई दुर्घटना है या फिर घिनौनी साजिश है।
जत्थेदार मक्कड़ ने कहा कि इस तरह की घटना या दुर्घटना को शरारती तत्व पंजाब का माहौल खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। इससे लोग सतर्क होंगे और अमन शांति खराब करने वालों पर अंकुश लगाया जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि रोपड़ के गांव मगरोड़ स्थित गुरुद्वारा साहिब में हुई घटना में चार और फतेहगढ़ सभरा में एक श्री गुरुग्रंथ साहिब की बीड़ अग्निभेंट चढ़ गए।
एसजीपीसी ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है। एसजीपीसी अध्यक्ष ने कहा कि सभी गुरुद्वारों को सीसीटीवी के लिए अपील की गई है। जिन गुरुद्वारों की प्रबंधन कमेटी आर्थिक रूप से ज्यादा मजबूत नहीं है, उन्हें एसजीपीसी से संपर्क करने को कहा गया है।
उन गुरुद्वारों में एसजीपीसी की ओर से सीसीटीवी लगाने का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसजीपीसी किसी भी सूरत में सिखों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ नहीं होने देगी। इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एसजीपीसी अन्य इंतजाम भी करेगी।