चंडीगढ़। महाशिवरात्रि पर सुबह होते ही शहर के मंदिरों में स्थित शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे लगने शुरू हो गए। बड़ी संख्या में भक्तों ने अपने परिवार के साथ मंदिर में जाकर भगवान शिव की पूजा की। मंदिर कमेटी ने कोरोना के बीच हर तरह के प्रबंध किए थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया तो मंदिरों में भक्तों की कतार लंबी होती गई पर सभी ने अपनी बारी का इंतजार किया।
मंदिरों के बाहर पूजा सामग्री की दुकान सजी थी। भक्तों ने पूजा सामग्री खरीदकर भगवान शिव पर बेलपत्र, फूल व अन्य वस्तुएं अर्पित कीं। मंदिर प्रबंधकों ने भक्तों के लिए दूध, फल व अन्य खाने-पीने की चीजों का लंगर लगाया था। दूध का लंगर काफी जगहों पर लगाया गया। भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने एक दिन पूर्व ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थी।
सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर के प्रधान राकेश पाल मौदगिल ने बताया कि भक्तों ने पार्देश्वर और नर्मदेश्वर की पूजा की। मंदिर में आए शिव भक्तों को दूध का प्रसाद बांटा गया। सेक्टर-40 के श्री हनुमंत धाम स्थित त्रिलिंगेश्वर भगवान का बड़ी संख्या में भक्तों ने जलाभिषेक किया। मंदिर को संचालित करने वाली संस्था महिला सुंदर कांड सभा की प्रधान नीना तिवारी ने बताया कि सभी भक्तों को रुद्राक्ष का रक्षा सूत्र बांधा गया। बहुत से भक्तों को धार्मिक चिन्हों वाली चाबी की रिंग दी गई।
इन मंदिरों में भी हुई पूजा
सेक्टर-24 के शिवालय खेमपुरी में भक्तों ने पूजा की। मंदिर के प्रबंधक गोविंद हरि ने बताया कि सुबह चार बजे भगवान के अभिषेक के बाद ध्वजारोहण हुआ। ध्वजारोहण के उपरांत दूध का अटूट लंगर चलता रहा। शाम में भगवान के भव्य शृंगार के बाद पूरी रात्रि चार पहर की पूजा हुई। सेक्टर-8 के प्राचीन शिव मंदिर के प्रधान एचएस लकी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भक्तों ने भगवान नर्मदेश्वर की पूजा की। उन्होंने बताया कि मंदिर कमेटी ने दूध और फल का प्रसाद बांटा। सेक्टर-11 के श्री सनातन धर्म मंदिर के प्रधान अरुणेश अग्रवाल ने बताया कि मंदिर में शिव परिवार का दरबार सजाया गया। मंदिर में बादाम, केसर और इलाइची वाले दूध का लंगर लगाया गया। मंदिर में चार पहर की पूजा भी की गई। वहीं सेक्टर-40 के प्राचीन शिव मंदिर के प्रधान अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर में पहुंचकर पूजा की।
सेक्टर-24 के प्राचीन शिव मंदिर में माथा टेकने के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु।- फोटो : CHANDIGARH
सेक्टर-45 के गौरीशंकर मंदिर में जल चढ़ाते श्रद्धालु।- फोटो : CHANDIGARH
सेक्टर-42 के सनातन धर्म मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु।- फोटो : CHANDIGARH
सेक्टर-53 में पूजा करते शिवभक्त।- फोटो : CHANDIGARH