ममून छावनी में खुदकुशी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को छवनी में एक 22 वर्षीय सैनिक ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान फतेहगढ़ जिल के अमलोह के जसविंद्र सिंह के रूप में हुई है। ममून पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका है।
सेना में बढ़ती खुदकुशी की घटनाओं के बाद सैन्य अफसरों ने भी चुप्पी साध ली है। ममून पुलिस थाना के एसएचओ राजेंद्र मन्हास ने बताया कि मृतक सैनिक जसविंद्र सिंह सेना की 5 सिख लाई यूनिट में तैनात था। सोमवार को उसने दिन में ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से गोली सिर में फायर कर खुदकुशी कर ली।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि परिजनों के आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी छावनी में खुदकुशी की घटनाएं हो चुकी हैं।
रावी तट पर मिला सैनिक का शव
गुरदासपुर । पुलिस स्टेशन बहरामपुर क्षेत्र स्थित गांव तूर समीप के पास रावी दरिया के तट पर एक सैनिक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के पॉकेट से 27 हजार रुपये नगद बरामद हुए हैं। रुपये पैंट की जेब में एक लिफाफे में रखे गए थे। पुलिस शव की शिनाख्त के साथ-साथ मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस स्टेशन बहरामपुर के इंचार्ज किशन चंद ने बताया कि गांव तूर के लोगों ने उन्हें सूचना दी थी कि सेना के एक जवान का शव उनके गांव के समीप दरिया के किनारे पड़ा है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा की मृतक सेना की वर्दी में था। उसने पैरों में स्पोर्ट्स शूज पहर रखे थे।
तलाशी ली गई तो उसकी जेब से लिफाफे में पड़े 27 हजार रुपये की राशि बरामद की गई। हालांकि उसके पास से ऐसी कोई भी वस्तु नहीं मिली, जिसके सहारे शव की शिनाख्त की जा सके।
उन्होंने बताया कि शव को 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर के शव गृह में रखा गया है। सेना तथा बीएसएफ के मुख्यालय में शव के पहचान के लिए सूचित कर दी गई है।