सेक्टर-26 ट्रांसपोर्ट एरिया में स्थित एक ट्रांसपोर्ट एजेंसी में शनिवार देर रात को शॉर्ट सर्किट से आग लगने से भारी मात्रा में दवाइयां और अन्य मेडिकल का सामान जल गया। एजेंसी मालिक का दावा है कि करीब सवा करोड़ रुपये की दवाइयां जलीं हैं।
3 फायर टेंडरों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एजेंसी मालिक राजेश कुमार ने बताया कि उनकी ट्रांसपोर्ट एजेंसी के माध्यम से महंगी दवाइयां व अन्य मेडिकल संबंधी सामान भेजा जाता है।
शनिवार शाम को मालिक राजेश एजेंसी बंद कर जीरकपुर अपने घर चले गए थे। एजेंसी में नाइट ड्यूटी पर गार्ड मौजूद था। रात करीब 1.20 बजे उन्हें गॉर्ड का फोन आया और उसने एजेंसी में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद वह फटाफट एजेंसी में पहुंचे तो देखा कि 3 फायर टेंडर आग पर काबू पाने में लगे हैं।
वहीं, फायर अफसर के अनुसार आग की सूचना पाकर मनीमाजरा, सेक्टर-32 व इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 से एक-एक गाड़ी मौके पर भेजी गई, जिसमें एक वाटर बूजर भी था। दमकल विभाग का कहना है कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट पाया गया है।