तेजली रोड पर चाय की दुकान करने वाले एक व्यक्ति की किसी ने तेजधार हथियार से हत्या कर दी।। मृतक का शव वीरवार सुबह गांव रटोली के समीप सड़क किनारे से मिला।
राहगीरों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक के आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त जगाधरी की भागीरथ कॉलोनी निवासी पवन कुमार के रूप में हुई।
पुलिस को उसकी जेब से डायरी भी मिली, जिसमें लिखे नंबर पर फोन करके पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी गई। बाद में मृतक के भाई अशोक कुमार द्वारा शिनाख्त करने पर पुलिस ने सिविल अस्पताल यमुनानगर में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। उधर, पुलिस ने अशोक कुमार के बयान पर अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जगाधरी की भागीरथ कॉलोनी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उनकी तेजली रोड पर चाय की दुकान है। बुधवार शाम दोनों भाई दुकान बंद कर घर जा रहे थे। पवन साइकिल पर था और वह स्कूटर पर था।
ईएसआई अस्पताल के पास पवन के दो दोस्त अमरजीत और संजू मिले और उसका भाई उनके पास रुक गया। वे वहीं पर खड़े होकर बातें करने लगे। इस दौरान देर रात तक पवन घर नहीं आया।
सुबह करीब आठ बजे उनके पास फोन आया कि पवन का शव गांव रटोली के पास सड़क किनारे पड़ा है। वहां पर जाकर देखा तो पवन के सिर और गले पर में चोट के निशान मिले। उनका कहना है कि उन्हें शक है कि पवन की हत्या की गई है।