चंडीगढ़। सेक्टर-17 की अस्थायी सब्जी मंडी में फिर दो आढ़तियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एहतियातन मार्केट कमेटी ने आढ़तियों की दुकानों को सील कर दिया है। इसके साथ ही आढ़तियों के कर्मचारियों को भी होम क्वारंटीन कर दिया गया है। लगातार मंडी में संक्रमितों के आने से अन्य आढ़तियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार अस्थायी सब्जी मंडी में 15 जुलाई को आलू-प्याज के एक आढ़ती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। आढ़ती का इलाज पंचकूला के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। 10 दिन बाद फिर से सब्जी मंडी में हरी सब्जी और टमाटर का काम करने वाले दो आढ़तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से मंडी में हड़कंप मच गया।
मार्केट कमेटी के सचिव जरनैल सिंह मावी ने बताया कि इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। मंडी को बंद करने या शिफ्ट करने के लिए अभी कोई दिशा-निर्देश नहीं आए हैं।
आढ़तियों ने उठाई टेस्ट की मांग
मंडी में लगातार संक्रमितों के मिलने के बाद आढ़तियों ने टेस्ट किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि वह जल्द ही मंडी प्रशासक से मांग को लेकर मुलाकात करेंगे।