चंडीगढ़। शहर की शूटर अंजुम मोदगिल के साथ दो अन्य शूटर पंचकूला की यशस्वी देसवाल और डेराबस्सी के अंगद वीर बाजवा इस वर्ष होने वाले टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम में शामिल हो गए हैं। इसका पता चलने के बाद बिना कोई देरी किए निशाना साधने के लिए अभी से उन्होंने योजना तैयार कर ली है और वह अगले कुछ दिनों में पूरी तरह से अभ्यास में जुट जाएंगे।
नेशनल राइफल शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनएआरआई) की राष्ट्रीय चयन समिति की रविवार देर रात तक चली बैठक में टोक्यो ओलंपिक के लिए 15 भारतीय निशानेबाजी दल का चयन किया गया। इनमें ट्राइसिटी के तीनों शूटर्स के नाम शामिल रहे। यशस्वी देसवाल और अंगद वीर बाजवा ने पिछले महीने मार्च को दिल्ली की डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित विश्व कप में विभिन्न मुकाबलों में पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। इसी आधार पर इन दोनों खिलाड़ियों का टोक्यो ओलंपिक के लिए चयन किया गया है। वहीं अंजुम मोदगिल ने करीब दो वर्ष पहले ही देश के लिए ओलंपिक कोटा हासिल कर लिया था।
थ्री पोजीशन पर रहेगा पूरा ध्यान
अंजुम मोदगिल ने बताया कि अब मेरा पूरा ध्यान थ्री पोजीशन इवेंट पर रहेगा, क्योंकि ओलंपिक में यहीं सबसे बड़ा मुकाबला रहता है। मैंने काफी मुश्किल से ओलंपिक कोटा हसिल किया था। अब मुझे इस मौके को हाथ से नहीं गंवाना और ओलंपिक में पदक जीतने के लिए अभी से अपने आाप को इस मुकाबले के लिए तैयार करना शुरू होगा। विदेशों में अभी कोविड-19 के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं, इसलिए देश में ही पूर्व ओलंपियन और अब कोच दीपाली देशपांडे से दिल्ली में कोचिंग लेनी शुरू कर दूंगी। अगले कुछ दिनों में दिल्ली के लिए रवाना हो जाऊंगी और कर्णी सिंह शूटिंग रेंज पर अभ्यास शुरू हो जाएगा।
मोबाइल का इस्तेमाल बंद
यशस्वी देसवाल के पिता एसएस देसवाल ने बताया कि टोक्यो ओलंपिक मेरी बेटी के लिए काफी महत्वपूर्ण है। यह उसके लिए अब तक का सबसे बड़ा मुकाबला होगा। इसके लिए बेटी ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। बेटी ने ओलंपिक की तैयारियों को देखते हुए मोबाइल का इस्तेमाल बंद कर दिया है, जिससे बेटी के दोस्त और रिश्तेदार उसे बार-बार फोन कर उसका ध्यान भंग न कर सकें। उसका पूरा ध्यान केवल निशाने पर ही रहे। अभी दिल्ली की कर्णी सिंह शूटिंग रेंज पर अभ्यास शुरू कर दिया है।
ओलंपिक में पदक जीतना एकमात्र लक्ष्य
अंगद वीर बाजवा ने बताया कि ओलंपिक में पदक जीतना ही मेरी जिंदगी का एकमात्र लक्ष्य है। इसके लिए अपने घर डेराबस्सी में बनी स्कीट की शूटिंग रेंज पर अभ्यास करने की पूरी योजना बना ली है। इसके लिए रोजाना तीनों समय दो-दो घंटे का अभ्यास शुरू कर रहा हूं। दिमाग को शांत करने व अपने आप को फिट रखने के लिए जिम में कसरत के साथ-साथ डाइट पर भी पूरा ध्यान देने की जरूरत है। अगले आने वाले दिनों में भारतीय शूटिंग टीम के कैंप भी आयोजित किए जाएंगे। अभ्यास शिविर में अनुभवी कोचों से मदद मिलेगी।
अंगद वीर बाजवा- फोटो : CHANDIGARH
यशस्विनी देशवाल- फोटो : CHANDIGARH