चंडीगढ़। बीते 31 मई को सेक्टर-33 स्थित शराब कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई राकेश सिंगला की कोठी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में शूटर नितिन नाहर का 4 दिन का प्रोडक्शन वारंट खत्म होने के बाद उसे जिला अदालत में पेश किया गया। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने दलील दी कि शूटर से मामले में कुछ और खुलासा कराना है। इसके बाद नितिन का पांच दिन का प्रोडक्शन वारंट और मिल गया है। सेक्टर-34 थाना पुलिस अब उसे शुक्रवार को अदालत ने पेश करेगी।
गौरतलब है कि बीते 31 मई को सेक्टर-33 स्थित राकेश सिंगला के घर पर कार सवार पांच बदमाश ताबड़तोड़ 17 राउंड फायर कर फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की कार को कब्जे में लेकर शूटरों की मदद करने वाले जीरकपुर निवासी जिम संचालक सेवक उर्फ गुरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि अंबाला जेल में बंद गैंगस्टर दीपू ने उन्हें यह काम सौंपा था। पुलिस ने दीपू के खुलासे के बाद लुधियाना निवासी शूटर करण शर्मा को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर पंजाब और चंडीगढ़ के बड़े कारोबारों से रंगदारी वसूलने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया था। सेक्टर-34 थाना पुलिस को अब हरियाणा के गांव लाडवा निवासी शूटर बलबीर सिंह उर्फ मनी, भिवानी निवासी राहुल और बच्ची की तलाश है।
आरोपी शिवा ने दायर की जमानत याचिका
उधर, सेक्टर 33 स्थित शराब कारोबारी के घर पर गोली चलाने के मामले में आरोपी शिवा ने जिला अदालत में जमानत याचिका दायर की है। याचिका में शिवा ने कहा कि उसे केस में झूठा फंसाया जा रहा है। उसने कहा कि उसका केस के अन्य आरोपियों से कोई संबंध नहीं है। पुलिस के मुताबिक शिवा ने आरोपियों आरोपियों के रहने का इंतजाम किया था। साथ ही उन्हें हथियार भी उपलब्ध कराए थे। इससे साफ पता चलता है कि शिवा का आरोपियों के साथ संबंध था। आरोपी की जमानत याचिका पर मंगलवार को फैसला होगा।