चंडीगढ़। पीयू को केंद्र सरकार निर्माण के लिए अलग से रकम नहीं देगी। इससे पीयू को झटका लगा है। पीयू लगातार प्रयास में थी कि भवन आदि के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से रकम मिल जाए।
पीयू ने दो साल पहले एक प्रस्ताव तैयार किया था कि केंद्र सरकार से निर्माण आदि कार्यों के लिए 250 करोड़ रुपये लिए जाएं। यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया था, लेकिन उस समय यह पास नहीं हो सका। सूत्रों का कहना है कि उसके बाद से पीयू लगातार प्रयास में थी कि यह रकम उसे मिल जाए ताकि वह दौड़ने लगे और उसकी जरूरतें पूरी हो जाएं, लेकिन केंद्र सरकार यह रकम देना नहीं चाहती। सूत्रों का कहना है कि केंद्र ने साफ कर दिया है कि वह शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन देती है। इसके अलावा हर साल बजट में छह फीसदी की बढ़ोत्तरी करती है। ऐसे में बजट देना संभव नहीं है। इस समय कोरोना चल रहा है। केंद्र का पूरा ध्यान इसी पर है। बजट भी कोरोना पर खर्च हो रहा है। इसलिए पीयू का निर्माण की यह रकम फिलहाल नहीं मिलेगी। हालांकि उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत कुछ रकम पीयू के हाथ लग सकती है लेकिन उसके लिए आगामी वर्ष तक इंतजार करना होगा। रूसा के तहत पहले ही पीयू को पांच करोड़ रुपये मिले हैं। बाकी शोध के लिए रकम मिलना बाकी है। इससे तमाम शिक्षक शोध कर सकेंगे।