चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने नए साल पर शहरवासियों को झटका दिया है। 18 साल बाद शहर के सभी संपर्क केंद्रों पर अब सुविधा शुल्क देना होगा। पहले जिन 18 सेवाओं के लिए लोगों को कोई शुल्क नहीं देना होता था, उसके लिए अब जेब ढीली करनी पड़ेगी। सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ इंफॉरमेशन टैक्नोलॉजी चंडीगढ़ (स्पिक) ने एक जनवरी 2023 से संपर्क केंद्रों पर नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। इसे लेकर प्रशासन ने शनिवार को आदेश जारी कर दिए हैं।
स्पिक के अनुसार संपर्क केंद्र परियोजना को मजबूत करने के लिए कुछ शुल्क तय किए गए हैं। वर्तमान में 45 संपर्क केंद्रों पर 58 के करीब सेवाएं दी जा रही हैं। इनमें से 18 सेवाओं के लिए लोगों से कोई सुविधा शुल्क नहीं लिया जाता है। पहले इनका शुल्क आईटी विभाग वहन करता था, लेकिन अब लोगों से लिया जाएगा। स्पिक ने अन्य विभागों से शुल्क लगाने की बात कही थी, लेकिन उस पर सहमति नहीं बन पाई थी। इस निर्णय के बाद अब लोगों को नगर निगम, समाज कल्याण विभाग, पुलिस, एस्टेट ऑफिस, इंजीनियरिंग विभाग व एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के कार्यों के लिए शुल्क देना होगा।
सेवा शुल्क
निगम सर्टिफिकेट 20 रुपये
बीसी सर्टिफिकेट सेवाएं 20 रुपये
यूडीआईडी एप्लीकेशन सर्विस
(युनिक विकलांगता आईडी) 20 रुपये
ई स्टांप पेपर सेल के लिए
आवेदन फॉर्म 2 रुपये
ट्यूबवेल बुकिंग 25 रुपये
टैक्स भरने 25 रुपये
मासिक, त्रैमासिक वैट,
सीएसटी रिटर्न भरना 25 रुपये
नई व्यवस्था, अब सुविधा व साइज के हिसाब से संपर्क केंद्रों के नाम
प्रशासन ने एक नई व्यवस्था शुरू की है। सुविधा व साइज के हिसाब से संपर्क केंद्रों को तीन नाम दिए हैं। अभी तक ई-संपर्क केंद्र, ग्राम संपर्क केंद्र और जन संपर्क कियोस्क के नाम से जो सुविधा चलती थी, उसे संपर्क केंद्र, मिनी संपर्क केंद्र और एक्सटेंशन संपर्क केंद्र का नाम दिया गया है। इनमें एक्सटेंशन संपर्क केंद्र पर बैठने की सुविधा नहीं है।
इस तरह से किया गया है वर्गीकृत
नाम कुल एरिया दी जा रही सेवाएं
-संपर्क केंद्र 18 7, 10, 15, 17, 18, 21, 23, 26, 27, 32, 35, 40, 41, 43, 45, 47, औद्योगिक क्षेत्र, मनीमाजरा सभी
-मिनी संपर्क केंद्र 24 हाईकोर्ट, पीजीआई, विकास नगर, बहलाना, डड्डूमाजरा, दरिया, धनास समेत अन्य गांव व सेक्टर ई स्टैंप पेपर को छोड़कर सभी सेवाएं
-एक्सटेंशन संपर्क केंद्र 3 सेक्टर-20, 34, 38 ई-स्टैंप पेपर को छोड़कर सभी सेवाएं