अबोहर के भीम टांक हत्याकांड का मुख्यारोपी शिव लाल डोडा
- फोटो : फाइल फोटो
अबोहर से आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे भीम हत्याकांड के अरोपी शराब व्यवसायी शिवलाल डोडा के फार्म हाउस से पकड़ी गई 20 ट्रक शराब के बारे में जांच जारी है। अभी यह पता लगाया जाना है कि शराब टैक्स पेड बिल पर मंगवाई गई या फिर चुनाव के दौरान बांटने के लिए मंगवाई गई।
हालांकि इस मामले में एक्साइज अधिकारी राजेश तनवर ने कहा कि डोडा के फार्म हाउस से पकड़ी गई शराब टैक्स पेड है। यह सही है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा पर्चा दर्ज किए जाने के संबंध में उन्होंने अपनी रिपोर्ट जिला उपायुक्त को भेज दी है। उन्होंने कहा कि यह वही ट्रक हैं जो दो दिन पहले भुच्चो मंडी पुलिस ने पकड़े और जांच के बाद सही पाए जाने पर छोड़े थे।
थाना प्रभारी दविंदर सिंह ने बताया कि ट्रक के साथ पकड़े गए पांच लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया है। उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। जिसमें डेराबस्सी मोहाली निवासी प्रशोत्तम पुत्र रतन सिंह, उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई निवासी रोबिन पुत्र अबीब, सहारनपुर यूपी निवासी सईद पुत्र मोहम्मद तथा अबोहर के आनंद नगरी निवासी हरिंद्रपाल सिंह पुत्र मंजीत सिंह और गुुरुकृपा कालौनी निवासी नरेश पुत्र कृष्ण लाल शामिल हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ी गई शराब के साथ आए दस्तावेजों की जांच जारी है। ज्ञात हो कि थाना बहाववाला पुलिस और बीएसएफ के जवानों ने शिव लाल डोडा के हनुमानगढ़ रोड़ फार्म हाउस के भीतर और बाहर से 20 ट्रकों में भरी 19 हजार 300 पेटियों में बंद 2 लाख 31 हजार 600 बोतल शराब बरामद की है।
थाना प्रभारी ने कहा कि जांच पड़ताल में यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं यह शराब बिना बिल के लाकर चुनावों में वितरित तो नहीं की जानी थी। दो से 4 फरवरी तक ड्राई-डे घोषित होने के बाद इतनी बड़ी तादाद में शराब के ट्रक सभी नाके पार करते हुए अबोहर पहुंचने के पीछे कई अन्य कारण हो सकते हैं।