खालिस्तान की हिमायत कर लोगों के निशाने पर आए श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह, एसजीपीसी के प्रधान भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल के साथ-साथ पंजाबी गायक जैजी बी और दिलजीत दोसांझ के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को शिव सेना हिंदुस्तान की तरफ से डीसी दफ्तर के बाहर सभी के खिलाफ प्रदर्शन किया गया और मांग पत्र देकर उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की गई।
शिवसेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण शर्मा ने बताया कि देश विरोधी बयान देकर श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह और एसजीपीसी अध्यक्ष भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने सिख नौजवानों को भड़काने का प्रयास किया है। उन्हें नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत तुरंत मामला दर्जकर गिरफ्तार किया जाए। साथ ही शिवसेना हिंदुस्तान ने सोशल मीडिया पर खालिस्तान के हक में नारे लगाने वाले पंजाबी गायक जैजी बी और दिलजीत दोसांझ का पुरजोर विरोध करते हुए उन पर भी देशद्रोह का मुकदमा दर्जकर गिरफ्तार करने की मांग की।
इस अवसर पर शिवसेना हिंदुस्तान के जिला उपाध्यक्ष दविंदर भागरिया, कुणाल सूद, महिला सेना प्रमुख पूजा नरूला, व्यापार विंग के अध्यक्ष गगन गग्गी, उपाध्यक्ष योगेश बंसल, चेयरमैन अखिल कक्कड़, जिला सचिव अजय गुगलानी, जतिंदर कुमार जौनी, विक्की नागपाल, संजीव रिहान, नितिन बाली, राजेश अरोड़ा और अजय शर्मा उपस्थित थे।