पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल फैंटम ने आक्रामक खेल दिखाया और 20 ओवरों में 209/5 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया, जिसमें मध्यक्रम के बल्लेबाज वैभव कालरा ने 34 गेंदों पर 72 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने 211 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। सलामी बल्लेबाज जसकरनवीर पॉल (30 गेंदों पर 47 रन) और कप्तान अनमोलप्रीत सिंह (38 गेंदों पर 47 रन) ने फैंटम को शानदार शुरुआत दिलाई।
आर्यन मेहरा ने अनमोलप्रीत का विकेट लिया, बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बराड़ ने जसकरनवीर को आउट किया, जिन्होंने 156 की स्ट्राइक-रेट से अपनी पारी खेली। इसके बाद रिधम सत्यवान और वैभव ने खेल आगे बढ़ाया। जब रिधम खुलकर खेलने की कोशिश कर रहे थे तभी आर्यन ने उनका विकेट ले लिया। उन्होंने 15 गेंदों में 29 रन बनाए, जबकि दूसरे छोर पर वैभव लगातार रन बना रहे थे। उन्होंने सात चौके और पांच छक्के लगाए। उनकी पारी ने फैंटम को 209/5 रन तक पहुंचाया। वैभव का विकेट हरप्रीत ने लिया। ब्लास्टर्स के लिए आर्यन ने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिए।
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन से पीसीए में शामिल हुए सलामी बल्लेबाज हरनूर ने ब्लास्टर्स को धमाकेदार शुरुआत दी। उन्होंने अपने साथी मनवीर हीर को जल्दी खो दिया लेकिन दूसरे छोर से कप्तान नमन धीर ने उनकी मदद की। उन्होंने फैंटम के गेंदबाजों पर हमला किया और दूसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। कार्तिक चड्ढा ने नमन को आउट करके रन पर ब्रेक लगा दिया। ब्लास्टर्स को तब झटका लगा जब उन्होंने कुछ ही समय में इन-फॉर्म बल्लेबाज अनमोल मल्होत्रा (4) और तनवीर सिंह (8) को खो दिया। गुरमेहर (21 गेंदों पर 29) और हरनूर ने ब्लास्टर्स की संभावनाओं को मजबूत किया लेकिन 19वें ओवर में सुखबीर बाजवा ने हरनूर को आउट कर दिया। हरनूर के आउट होने के बाद हरप्रीत पर सबकी निगाहें टिकी रहीं। 11 गेंदों पर 20 रन बनाकर उन्होंने ब्लास्टर्स को एक और मौका दिया लेकिन अंत में फैंटम ने बाजी मार ली। सोहराब धालीवाल और अनमोलप्रीत सिंह ने 2-2 विकेट झटके।