कैप्टन की ग्रामीण क्षेत्रों में हमेशा ही पकड़ अच्छी रही है। उन्हें खेती किसानी से हर चुनाव में अच्छा सपोर्ट मिलता रहा है। 2017 में भी शहरी क्षेत्रों की अपेक्षा कैप्टन को गांवों से अच्छा सहयोग मिला था, जिसके दम पर उन्होंने पंजाब की सत्ता हासिल की। साथ ही पंजाब के सिखों पर कैप्टन की अच्छी पकड़ है।
कैप्टन की वजह से 1999 में कांग्रेस खुद को फिर से जिंदा कर सकी। वहीं भाजपा का पंजाब के शहरों में अच्छा जनाधार रहा है। साथ ही शिअद के साथ गठबंधन के दौरान भाजपा इसी फार्मूले पर चुनाव में शिरकत करती रही है। भाजपा राष्ट्रवाद व हिंदू वोट को लेकर अपना ध्रुवीकरण करने में भी लगी हुई है।
भाजपा को अब भी किसानों का डर
केंद्र सरकार के द्वारा तीनों कृषि कानूनों की वापसी के फैसले के बाद भी भाजपा किसानों को लेकर अभी डरी हुई है। चुनावी माहौल में भाजपा अब किसानों के विरोध को झेलना नहीं चाहती। ऐसे में पार्टी के नेता फूंक फूंककर कदम रख रहे हैं। यही वजह है कि किसानों को लेकर भाजपा के नेता कोई भी बयान देने से बच रहे हैं।
2017 में निर्णायक रहीं ग्रामीण सीटें
2017 के पंजाब विधानसभा में राज्य की 117 सीटों में से कांग्रेस ने कुल जीतीं 77 सीटों में 40 ग्रामीण इलाकों की थीं। इन सीटों पर सिख समुदाय ज्यादा प्रभावशाली है। जब पंजाब में कैप्टन की अगुवाई वाली सरकार बन गई, तब भी बेअदबी का मामला सुर्खियों में बना रहा। अमरिंदर ने जांच के लिए जस्टिस रणजीत सिंह आयोग का गठन किया, जिसने एक विस्तृत रिपोर्ट भी दी। विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कराई गई। कांग्रेस को सिख समुदाय में अपनी पैठ बनाने में और मदद मिली और अकाली दल के खिलाफ माहौल तैयार हुआ।
भाजपा के लिए पंजाब हित सर्वोपरि है। इसी भावना को लेकर कैप्टन भी काम कर रहे हैं। दोनों के एक ही मुद्दे हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर पंजाब के चुनावी रण में उतरा जाएगा। -दिनेश कुमार, संगठन मंत्री, पंजाब भाजपा।
इस बीच पंजाब लोक कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय मंत्री और पंजाब भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। इस दौरान चुनाव व अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। मीटिंग के बाद शेखावत ने बताया कि आज हमारे हुई इस वार्ता के बाद मैं कह सकता हूं कि ये तय है कि हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सीट बंटवारे पर सही समय पर सूचित किया जाएगा। वहीं, अमरिंदर ने कहा कि हम 100 फीसदी जीतेंगे, हम सीट दर सीट देखेंगे (सीट बंटवारे पर) और विनेबिलिटी हमारा मापदंड है।