शहीदी जोड़ मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं से खचाखच भरी बस पलट गई। हादसे में एक की मौत हुई और 26 लोग घायल हो गए। हादसा सरहिंद से थोड़ी दूरी पर गांव तरखाणमाजरा के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार एक प्राइवेट मिनी बस सरहिंद से भादसों को जा रही थी तो गांव तरखाणमाजरा के पास एक ट्राली को ओवरटेक करने के दौरान अचानक बेकाबू होकर पलट गई। इससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 26 यात्री जख्मी हो गए।
घायल भजन सिंह रायपुर, धर्मपाल सिंह रंघेड़ी, भजन सिंह मलकोमाजरा, जगदीश सिंह सुधेवाल, नत्थूराम गांव माधोपुर बिहार, रामप्रसाद, बिमलेश कुमा, स्वर्ण कौर भमारसी को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
हादसे में जख्मी करमजीत सिंह को पटियाला और धर्मपाल सिंह रंघेड़ी के दोनों पैर बुरी तरह काटे जाने के कारण पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
सिविल सर्जन डॉ. बलजीत सिंह ने बताया कि 13 व्यक्तियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक व्यक्ति दर्शन सिंह निवासी भादसों की मौत हो गई है। पुलिस जांच अधिकारी जसपाल सिंह ने बताया कि बस की छत पर भी सवारियां बैठीं थीं।