फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब : प्रताप सिंह बाजवा और दूलो ने फिर दिखाए बगावती तेवर, अलग से रेलमंत्री को दे आए ज्ञापन

Fri, 06 Nov 2020 12:25 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
प्रताप सिंह बाजवा। - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दूलो ने एक बार फिर बगावती तेवर दिखाए। मालगाड़ियां चलाने का आग्रह करने के लिए पंजाब के सभी सांसदों की रेलमंत्री पीयूष गोयल के साथ नई दिल्ली में गुरुवार को प्रस्तावित बैठक थी। इससे पहले ही दोनों सांसद रेलमंत्री से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंप आए। इसके बाद तय समय पर आठ सांसदों का प्रतिनिधिमंडल रेलमंत्री से मिलने पहुंचा तो उन्होंने यह कहकर मालगाड़ियां चलाने से साफ इनकार कर दिया कि जब तक ट्रैक खाली नहीं हो जाते तब तक गाड़ियां नहीं चलाई जाएंगी।

विज्ञापन


बाजवा और दूलो बुधवार को जंतर-मंतर पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पंजाब के मंत्रियों और विधायकों के धरने में भी शामिल नहीं हुए थे। तीन पन्ने के ज्ञापन में दोनों ने पंजाब में मालगाड़ियां न चलने के कारण थर्मल प्लांटों में कोयले की कमी और किसानों के लिए खाद की कमी का हवाला देते हुए रेलमंत्री से मालगाड़ियों की आवाजाही तुरंत बहाल करने की मांग की। 

वहीं, पंजाब के आठ सांसदों ने भी रेलमंत्री से मुलाकात में सूबे में बिजली उत्पादन की समस्या के अलावा रबी सीजन में किसानों के लिए खाद की किल्लत का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि जरूरी सामान न पहुंचने के कारण महंगाई भी बढ़ रही है। इसके अलावा किसानों ने मालगाड़ियों को नहीं रोकने का एलान भी कर दिया है। 
विज्ञापन


वे निजी थर्मल प्लांटों की ओर जाने वाले केवल दो रेलवे ट्रैक पर ही बैठे हैं। इस पर रेलमंत्री ने साफ कह दिया कि जब तक पंजाब में सभी ट्रैक पूरी तरह खाली नहीं हो जाते, मालगाड़ियां नहीं चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी ट्रेनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी ले। रेलमंत्री के इस रवैये को देखते हुए अब सांसदों ने सात नवंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने का समय लिया है।

विज्ञापन

भाजपा नेताओं ने रेल मंत्री को बताई परेशानी

मालगाड़ियों के संचालन नहीं होने से पंजाब को अब नुकसान होने लगा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ के नेतृत्व में मिलने पहुंचे पार्टी के 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को बताया कि आंदोलन के कारण पंजाब की अर्थव्यवस्था, उद्योग और आम जीवन बेपटरी हो गया है।

केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा रेल कर्मियों और रेलवे की संपत्तियों की सुरक्षा का आश्वासन दिए जाने के बाद सूबे में रेलवे सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री के आश्वासन के बाद कैप्टन से अपील की कि वे रेलवे की रुकावटें दूर करने के लिए तुरंत आश्वासन दें, ताकि माल और यात्री ट्रेनें तत्काल प्रभाव से शुरू की जा सकें। 

प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी व सोम प्रकाश, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह व इकबाल सिंह लालपुरा, भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, राष्ट्रीय भाजपा उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, राष्ट्रीय महासचिव दिनेश कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्वेत मलिक, बीएल रिणवा, मनोरंजन कालिया, प्रो. राजिंदर भंडारी, मदन मोहन मित्तल, मनोरंजन कालिया, प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता व डॉ. सुभाष शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा बिक्रम सिंह चीमा, उपाध्यक्ष एसएस धनोला व दया सिंह सोढी, आरएमएस छीना, एचएस ग्रेवाल, एसएस गरेवाल और एसएस शरण शामिल थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें