कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व हरियाणा प्रभारी डॉ. शकील अहमद ने भाजपा पर तीखा तंज कसते हुए कहा है कि वसुंधरा राजे सिंधिया, सुषमा स्वराज, पकंजा मुंडे के कारनामों पर 56 इंच का सीना रखने वाले मोदी किस बिल में जा घुसे हैं।
देश की जनता पिछले दस दिन से जवाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अघोषित इमरजेंसी लगा रखी है। किसी मंत्री को कोई अधिकार नहीं है। मोदी के कार्यकाल से उसके मंत्री ही संतुष्ट नहीं हैं।
शकील अहमद कांग्रेस की किसान-मजदूर पदयात्रा के समापन समारोह में शुक्रवार को हिसार के क्रांतिमान पार्क में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। शकील अहमद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सूट 10 लाख रुपये का नहीं बल्कि 54 करोड़ रुपये का था। क्योंकि जिस व्यवसायी ने इस सूट को 4 करोड़ में खरीदा था, उसे 54 करोड़ रुपये की जमीन खैरात में दे दी गई।
यूपीए की सरकार के दौरान सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, भोजन का अधिकार, खाद्य सुरक्षा का अधिकार और रोजगार का अधिकार आम आदमी को दिए गए थे। राजीव गांधी आवास योजना को बीजेपी ने बंद कर दिया।
700 करोड़ का काला धन लेकर भागने वाले की हो रही मदद
सुषमा-ललित मोदी कनेक्शन पर बोलते हुए शकील अहमद ने कहा कि काला धन वापस लाने की बातें करने वाले आईपीएल में 700 करोड़ का काला धन लेकर भागने वाले की मदद कर रहे हैं। महाराष्ट्र में पकंजा मुंडे ने 206 करोड़ का घोटाला कर दिया। प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी ने कहा था कि न खाऊंगा, न खाने दूंगा, लेकिन आज वे खा भी रहे हैं और खिला भी रहे हैं। गुजरात का मुख्यमंत्री रहते उन्होंने अडानी घराने को 40 हजार करोड़ रुपये का लाभ पहुंचाया।
भाजपा को पांच सीटें तक नहीं मिलेंगी
शकील अहमद ने कहा कि हरियाणा में अगर आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा को 5 सीटें भी नहीं मिलेंगी। भाजपा के मंत्री वेंकैया नायडू कहते हैं कि एक साल के काम को न आंका जाए। मोदी के काम से उनके मंत्री ही संतुष्ट नहीं हैं। मंत्री कोई फैसला नहीं ले सकते। एक तरह की अघोषित इमरजेंसी लगा रखी है।
आने वाला वक्त कांग्रेस का
प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी आशा कुमारी ने कहा आने वाला वक्त कांग्रेस का है। वन रैंक वन पेंशन को लागू करने के लिए यूपीए शासन ने 500 करोड़ रुपये का प्रावधान अलग से किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण गंवाने वाले सैनिकों से वादा करके भी इसे नहीं निभाया। पूर्व सैनिक धरने पर बैठने को विवश हैं। हिमाचल में भाजपा को झूठों की पार्टी कहा जाता है।
दक्षिण हरियाणा से शुरू करेंगे तीसरा चरण
अशोक तंवर ने कहा कि यात्रा का तीसरा चरण दक्षिण हरियाणा से शुरू करेंगे। इस यात्रा में साथ चलने वालों का भविष्य उज्ज्वल है। कांग्रेस पदाधिकारियों की घोषणा जल्दी करें। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने कहा कि इस यात्रा में कार्यकर्ताओं ने जो पसीना बहाया है वह व्यर्थ नहीं जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा, पूर्व मंत्री विजेंद्र कादियान, पूर्व मंत्री रामभज, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन फौजी, पूर्व विधायक आनंद कौशिक, पूर्व विधायक अनिल धंतौड़ी, नरेश सेलवाल, हरियाणा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुमित्रा चौहान, युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चिंरजीव राव, प्रदीप जैलदार सहित अन्य उपस्थित थे।