भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन बुधवार को शहर में जनसभा करेंगे और नेताओं के साथ बैठक करने के लिए चंडीगढ़ आ रहे हैं। जबकि सोमवार को पार्टी की पूर्व प्रभारी आरती मेहरा ने भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
सेक्टर-15 में आयोजित सभा में आरती मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए कडे़ फैसले लिए हैं। जिनमें नोटबंदी सबसे मुख्य फैसला है, इस फैसले से कालेधन पर रोक लगेगी और इसका फायदा आम जनता को मिलेगा। बैठक में भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन और वार्ड नंबर-2 की उम्मीदवार राज बाला मलिक, मार्केट कमेटी के चेयरमैन रामवीर भट्टी ने भी भाग लिया। इसके बाद आरती मेहरा ने मेयर अरुण सूद के साथ भी बैठक की।
संवेदनशील वार्डों पर पुलिस की रहेगी पैनी नजर
चंडीगढ़ पुलिस
- फोटो : file photo
आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर यूटी पुलिस ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। पुलिस विभाग ने अति संवेदनशील व संवेदनशील वार्डों पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी है। इसके लिए पुलिस ने सीआईडी विंग, क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन सेल को इन वार्डों पर पैनी नजर रखने को कहा है।
निगम चुनावों को सिर्फ अब 12 दिन बचें है। शहर में नगर निगम के 26 वार्डों के लिए 18 दिसंबर को वोटिंग होगी। पुलिस के अनुसार शहर के वार्ड नंबर 5,6,7,10,11,19,20,23,24,25 और 26 संवेदनशील वार्ड माने जाते है। एसपी लॉ एंड आर्डर रोशन लाल ने बताया कि चुनावों के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह सजग है। अतिसंवेदनशील और संवेदनशील वार्डों में विशेष रूप से नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने अभी से इन वार्डो में रहने वाले आपराधिक प्रवृति के लोगों की पहचान करनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जो लोग चुनावों में गड़बड़ी कर सकते हैं उन पर पहले से ही नजर रखी जाएगी और चुनाव नजदीक आने पर उनको हिरासत में भी लिया जा सकता है।
इन वार्डों में सीआईडी विंग के लोगों की स्पेशल ड्यूटियां लगाई गई हैं। जो प्रत्याशियों की रैली व चुनावी प्रचार के दौरान वहां मौजूद रहेंगे व सारी रिपोर्ट आला अफसरों को सौपेंगे। साथ ही क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन सेल को भी रात के वक्त भी इन इलाकों में विशेष रूप से नजर रखने के लिए कहा गया है। इन इलाकों में शराब व नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर भी पुलिस विभाग की पैनी नजर रहेगी। लोगों से भी अपील की जाती है कि अगर किसी को कोई जानकारी मिलती है तो पुलिस को बताएं। शिकायत पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।