स्थानीय आस्ट्रेलियन फार्म में वीरवार को एक शगुन समारोह के दौरान उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। इस बीच सूचना पाकर मौके पर गई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लाइसेंसी रिवाल्वर को भी जब्त कर लिया।
सिटी पुलिस स्टेशन इंचार्ज गुरदीप सिंह ने बताया कि किसी ने हमें सूचित किया कि शहर के मिल्क प्लांट के पास स्थित आस्ट्रेलियन फार्म मैरिज पैलेस में एक शगुन समारोह के दौरान किसी व्यक्ति ने रिवाल्वर से गोली चलाई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
फायरिंग के कारण वहां मौजूद लोग दहशतजदा थे। जांच पड़ताल के बाद एक व्यक्ति सुरेन्द्र पाल निवासी जेल रोड, गुरदासपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उससे रिवाल्वर व पांच कारतूस के अलावा छह कारतूस के खोल बरामद किए गए। इस संबंध में आरोपी सुरेन्द्र पाल के विरुद्ध पैलेस मालिक हरजिन्द्र बिट्टा के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है।