शिष्टमंडल अकाफ बोर्ड के प्रधान से करतारपुर साहिब कॉरिडोर से गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए भारत और विदेश से आने वाली संगत को वीजा रहित प्रवेश और प्रतिदिन पांच हजार श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति देने की मांग भी करेगा।
साथ ही शिष्टमंडल श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक वीजा देने की भी मांग करेगा। एसजीपीसी के प्रधान भाई गोविंद सिंह लोंगोवाल व श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार भाई हरप्रीत सिंह ने भी भारत व पाकिस्तान की सरकारों से मांग की है कि गुरुद्वारा साहिब के दर्शनों के लिए वीजा व पासपोर्ट की शर्त हटा दी जाए। एसजीपीसी शिष्टमंडल पाकिस्तान सरकार से गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब की 100 एकड़ भूमि पर कब्जा करने के मामले पर भी चर्चा करेगा।
उल्लेखनीय है कि दोनों देशों के बीच अधिकारियों की बैठक पाकिस्तान के वाघा में 2 अप्रैल होनी है। इसमें 14 मार्च को दोनों देशों के बीच हुई बैठक में रखे प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा। भाई लोंगोवाल ने पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों के साथ प्रकाश पर्व के समागमों को एक साथ मानाने का प्रस्ताव रखा था।