चंडीगढ़। यूथ का बाजार माने जाने वाले सेक्टर-15 स्थित पटेल मार्केट की स्थिति बेहद खराब है। आलम यह है कि निगम की अनदेखी के कारण मार्केट में सीवर का पानी बह रहा है। चिंता की बात यह है कि लोग सीवर के पानी के बीच बैठकर खाना खाने को मजबूर हैं, जिससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि एक तरफ निगम सीवर की मरम्मत नहीं कर रहा, वहीं दूसरी तरफ दुकानदार चाह कर भी उसे ठीक नहीं करवा पा रहे हैं, क्योंकि सरकारी संपत्ति में किसी भी तरह की छेड़छाड़ करने पर दुकानदारों पर कार्रवाई होगी। ऐसे में वह चाह कर भी इस गंदगी को दूर नहीं कर पा रहे हैं।
टूटी सड़क पर हो रहा जलभराव
स्थिति यह है कि मार्केट के पीछे स्थित ढाबे के सामने बनी सड़क महीनों से टूटी हुई है, जिस कारण वहां सीवर का पानी ओवरफ्लो हो रहा है। ऐसी स्थिति में आने जाने वाले लोग आए दिन उस गंदे पानी में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इस संबंध में दुकानदारों द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद आला अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा।
ये बोले चीफ इंजीनियर
नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनपी शर्मा का कहना है कि ढाबा संचालकों की गलती के कारण सीवर ओवरफ्लो हो रहा है, क्योंकि वह ग्रीस चैंबर नहीं बना रहे। ऐसे में सर्दियों में घी जमकर सीवर की लाइन को चाॅक कर रहा है। इससे ओवरफ्लो की समस्या सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि उसे क्षेत्र के सड़क निर्माण का भी प्लान स्मार्ट सिटी के कॉन्सेप्ट के अनुसार तैयार हो चुका है। इसके लिए जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।