-कांग्रेस नेता गोकुल सेतिया की सुरक्षा पर हाईकोर्ट ने सरकार से दोबारा मांगी स्टेटस रिपोर्ट
-वर्तमान में केवल तीन सुरक्षा कर्मी होने के चलते हाईकोर्ट ने जारी किया आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस नेता और सिरसा विधानसभा सीट से प्रत्याशी गोकुल सेतिया की सुरक्षा बढ़ाने की मांग पर सरकार को विचार करने का पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने आदेश दिया है। साथ ही उनकी सुरक्षा से जुड़ी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का भी आदेश दिया है।
सेतिया ने याचिका दाखिल करते हुए विधानसभा चुनाव के चलते अपनी और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सेतिया ने गैंगस्टरों और अपराधियों से अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने 2019 में सिरसा सीट से गोपाल कांडा के विरुद्ध इंडियन नेशनल लोकदल के समर्थन से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। याची ने बताया कि खुफिया एजेंसियों/पंजाब पुलिस से इनपुट मिलने पर उन्हें हरियाणा पुलिस की ओर से तीन व्यक्तियों की सुरक्षा दी गई थी। याची ने चुनाव संपन्न होने तक अस्थायी तौर पर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश जारी करने की याचिका में अपील की है। याची ने बताया कि चुनाव में याचिकाकर्ता, उनके माता-पिता, भाई, जीवन साथी व परिवार के सभी सदस्य डोर-टू-डोर प्रचार के लिए आम जनता के बीच रहेंगे। मोहाली के स्पेशल ऑपरेशन सेल ने बंबीहा गिरोह के दो गैंगस्टर सिरसा के कुलदीप सिंह किंगरा और कोटकपूरा के हरिंदर सिंह को गिरफ्तार किया। सेतिया ने याचिका में दावा किया कि पूछताछ में कुलदीप सिंह ने खुलासा किया कि बंबीहा गैंगस्टर समूह उसे निशाना बनाने की योजना बना रहा है। हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि सरकार की तरफ से सेतिया की सुरक्षा में जो सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए, उनको बढ़ाने पर सरकार विचार करे।