चंडीगढ़ के प्रोफेसर ने शुरू की मुहिम।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के एक प्रोफेसर ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन क्लास लगाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए एक मुहिम शुरू की है। सेक्टर-46 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज के सहायक प्रोफेसर पंडित राव धरेनवर ने इस मुहिम की शुरुआत की है। इसके अनुसार, उनके कॉलेज का जो भी विद्यार्थी रोजाना ऑनलाइन क्लास लगाएगा, उसे हर महीने का इंटरनेट पैक और एन95 मास्क मुफ्त दिया जाएगा।
कॉलेज में ऑनलाइन पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए पंडित राव की ओर से शुरू की गई मुहिम की चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों ने सराहना की है। पंडित राव ने कहा है कि कोविड-19 महामारी के दौरान आशा और विश्वास से परिपूर्ण रहना चाहिए। इस दौरान सभी को आगे आकर सरकार की मदद करनी चाहिए। लोगों को भी आशावादी और आत्मविश्वासी बने रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
राव ने कहा कि शिक्षण उनका मौलिक कर्तव्य है, इसलिए ऑनलाइन शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए ही इस मुहिम की शुरुआत की है। यह सारा खर्च वह अपने वेतन से करेंगे। इसके अलावा उन छात्रों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे, जो रचनात्मक तरीके से अपने सिलेबस को पूरा करेंगे।
राव ने कहा है कि नवीन पद्धति के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई करवाना मौजूदा हालात में जरूरी हो गया है, लेकिन अभी भी कई विद्यार्थी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बच्चों का ध्यान इस तरफ आकर्षित हो, इसलिए उन्होंने अपने कॉलेज से इस मुहिम की शुरुआत की है।