जून शुरू होते ही आपकी जेब पर असर भी बढ़ गया है। सरकार ने सर्विस टैक्स में 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी तो की ही है। साथ में 10 लाख से अधिक की सभी लग्जरी कारों पर भी 1 प्रतिशत लग्जरी टैक्स लगा दिया है। 1 जून बुधवार से टैक्स की नई दर लागू हो गई है।
विभिन्न सेवाओं के लिए सर्विस टैक्स 14.5 प्रतिशत की बजाए सीधा 15 प्रतिशत चुकाना होगा। सर्विस टैक्स का 0.5 प्रतिशत किसान कल्याण सेस के रूप में जाएगा। सर्विस टैक्स बढ़ने से मोबाइल, डीटीएच, बिजली और पानी के बिल में बढ़ोतरी हो जाएगी। इसके अलावा रेस्टोरेंट में खाना भी महंगा पड़ेगा। रेल और हवाई यात्रा के लिए भी अतिरिक्त खर्च पड़ेगा। बैंकिंग और इंश्योरेंस के लिए अधिक पैसे चुकाने होंगे। इतना ही नहीं अब बैंक ड्राफ्ट, फंड ट्रांसफर, फिल्म देखना, पार्लर सर्विस, सैलून जैसी सेवाएं भी महंगी हो गई हैं।
सिर्फ एक साल में 2.64 प्रतिशत बढ़ गया सर्विस टैक्स
सिर्फ एक साल में ही सर्विस टैक्स 2.64 प्रतिशत तक बढ़ गया। 2015 की शुरुआत में इसे 12.36 प्रतिशत से बढ़ाकर सीधा 14 प्रतिशत कर दिया गया था। इसके बाद इसमें नवंबर 2015 में 0.5 प्रतिशत स्वच्छ भारत सेस जोड़ दिया गया। अब इसमें किसान कल्याण सेस जोड़ा गया है। अब सर्विस टैक्स बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है।
लग्जरी कार का क्रेज जुटाएगा टैक्स
सिटी ब्यूटीफुल में बहुत से लोगों को महंगी कार का क्रेज है। इसलिए अधिकतर कंपनियां अपनी लग्जरी कार चंडीगढ़ में लांच करती हैं। यहां सड़कों पर छोटी की बजाए बड़ी कारें अधिक दिखती हैं। ऐसे में लग्जरी कार के लिए अब लोगों को अलग से 1 प्रतिशत लग्जरी टैक्स भी चुकाना होगा। लग्जरी कार का यही क्रेज सरकार को ज्यादा टैक्स जुटाकर देगा।