कोविड-19 के संक्रमण के प्रसार को जानने के लिए पीजीआई सीरो सर्वे करने की तैयारी में है। इससे एक अनुमान लग जाएगा कि चंडीगढ़ की कितनी आबादी कोरोना से संक्रमित हो चुकी है।
पीजीआई के निदेशक प्रो. जगतराम ने बताया कि संस्थान का स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ इस बारे में योजना तैयार कर रहा है। इसके लिए यूटी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। हालांकि मोहाली और पंचकूला में पंजाब व हरियाणा सरकार सीरो सर्वेक्षण करा चुकी हैं।
बता दें कि हाल ही में ऑक्सफोर्ड की कोरोना वैक्सीन के परीक्षण दौरान 7.6 प्रतिशत स्वयंसेवकों में एंटीबॉडी मिली थी। संक्रामक बीमारियों के संक्रमण को मॉनिटर करने के लिए सीरो सर्वे कराया जाता है। इसे एंटीबॉडी सर्वे भी कहते हैं।
इसमें किसी भी संक्रामक बीमारी के खिलाफ शरीर में पैदा हुए एंटीबॉडी का पता लगाया जाता है। कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति के ठीक होने के बाद शरीर में एंटीबॉडी बन जाती हैं, जो वायरस के खिलाफ शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बनती हैं। शरीर में पहले से इसके खिलाफ एंटीबॉडी नहीं है, लेकिन शरीर धीरे-धीरे इसके खिलाफ एंटीबॉडी बना लेता है।