बापूधाम और सारंगपुर से दो ऑटो चालकों के शव मिलने से दोनों इलाकों में हड़कंप मच गया। इनमें से एक की मौत नशे के ओवरडोज से जबकि दूसरे की मौत भी नशे के ओवरडोज से होने की आशंका है। वहीं एक अन्य युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज जीएमएसएच-16 में चल रहा है।
मृतकों की पहचान बापूधाम निवासी अजय कुमार (20) और धनास निवासी गागा (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में सीआरपीसी 174 के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पहली घटना बीती शनिवार देर शाम की है। पुलिस को सूचना मिली कि सारंगपुर स्थित मार्बल मार्केट के पीछे जंगल में दो लोग बेसुध पड़े हैं। सूचना पर सारंगपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गागा नामक ऑटो चालक को मृत घोषित कर दिया जबकि उसके साथी मनोज का इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें- खुलासा: घरवालों को नींद की गोली देकर युवकों से मिलने आई थीं युवतियां, फिर हुई दो पुलिसवालों की हत्या
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि गागा ऑटो चलाने का काम करता था। वह और उसके दोस्त मनोज ने बीती शनिवार शाम को इकट्ठे शराब का सेवन किया और फिर जंगल में नशीले इंजेक्शन लगा लिए। इसके बाद दोनों बेहोशी की हालत में जंगल में पड़े रहे। आसपास के मजदूरों ने उन्हें बेसुध देखा तो पुलिस को सूचना दी।
वहीं दूसरी घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की है। सेक्टर-26 स्थित बापूधाम फेज-1 रामलीला ग्राउंउ के पास खड़े एक ऑटो में चालक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। पुलिस की जांच में मृतक की पहचान बापूधाम निवासी अजय के रूप में हुई। पुलिस ने शव को जीएमएसएच-16 के मोर्चरी में रखवाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आशंका जताई है कि हो सकता है कि चालक की मौत नशे के ओवरडोज के चलते हुई हो। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा कि अजय की मौत किन कारणों से हुई है।